कोटा: भारत विकास परिषद सरोजिनी शाखा की संगोष्ठी में भारतीय परिवार व्यवस्था को मजबूत बनाने पर मंथन

कोटा: भारत विकास परिषद सरोजिनी शाखा की संगोष्ठी में भारतीय परिवार व्यवस्था को मजबूत बनाने पर मंथन

यतीश व्यास 

कोटा। भारत विकास परिषद की सरोजिनी शाखा की ओर से शनिवार को एम.बी. इंटरनेशनल स्कूल, नयागांव में डिजिटल युग में भारतीय परिवार व्यवस्था की महत्ता विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी आयोजित की गई। शाखा अध्यक्ष पुष्पांजलि विजयवर्गीय की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि दक्षिण-पूर्व प्रांत, राजस्थान की प्रांतीय अध्यक्ष सुनीता गोयल, मुख्य वक्ता यूनिवर्सिटी ऑफ कोटा के प्रोफेसर नारायण लाल हेडा एवं शाखा पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलन व वंदे मातरम् के साथ किया।

नारायण लाल हेडा ने कहा कि डिजिटल तकनीक ने जीवन को आसान बनाया है, लेकिन परिवारों में आपसी संवाद लगातार कम हो रहा है। ऐसे में भारतीय परिवार व्यवस्था, संस्कारों और सांस्कृतिक मूल्यों को सहेजना जरूरी है।

सुनीता गोयल ने कहा कि पारिवारिक संस्कारों की शुरुआत घर से ही करनी होगी। परिवार में प्रेम, करुणा और सम्मान की भावना बढ़ाने के साथ एक समय सभी को साथ बैठकर भोजन करना चाहिए, ताकि आपसी संवाद और आत्मीयता बनी रहे।

शाखा अध्यक्ष पुष्पांजलि विजयवर्गीय ने कहा कि बच्चों और युवाओं में बढ़ता स्क्रीन टाइम व सोशल मीडिया का उपयोग पारिवारिक नजदीकी को प्रभावित कर रहा है। ऐसे में ‘कुटुंब प्रबोधन’ जैसे प्रयास परिवारों को अपनी जड़ों और संस्कारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कार्यक्रम का संचालन संयुक्त सचिव डॉ. सुशीला जोशी ने किया। डॉ. श्वेता व्यास ने अभिभावकों एवं बच्चों से कुटुंब प्रबोधन विषय पर प्रश्नोत्तर किया। शाखा सचिव डॉ. विनीता शर्मा, कोषाध्यक्ष अनुराधा विजय, एम.बी. इंटरनेशनल स्कूल की प्रिंसिपल जसपिंदर साहनी, परिषद पदाधिकारी, सदस्य एवं शहर के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।