कोटा: एक जमीन, दो खरीदार और लाखों का खेल! 31 लाख की जमीन का दो बार सौदा, नामांतरण नहीं होने का उठाया फायदा, दो आरोपी गिरफ्तार

कोटा: एक जमीन, दो खरीदार और लाखों का खेल! 31 लाख की जमीन का दो बार सौदा, नामांतरण नहीं होने का उठाया फायदा, दो आरोपी गिरफ्तार

यतीश व्यास 

कोटा। शहर के नयापुरा थाना क्षेत्र में एक ही जमीन को दो अलग-अलग व्यक्तियों को बेचकर धोखाधड़ी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर एक ही जमीन का पहले बेचान करने के बाद राजस्व रिकॉर्ड में नामांतरण नहीं होने का फायदा उठाकर उसे दोबारा बेचने का आरोप है।

एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि परिवादी प्रह्लाद ने इस्तगासा के जरिए शिकायत दी थी कि ग्राम नान्ता, तहसील लाडपुरा क्षेत्र में स्थित कृषि भूमि, जिसका कुल रकबा करीब 0.26 हेक्टेयर है, में उसका आधा हिस्सा था। आरोपियों ने यह जमीन परिवादी को करीब 31.30 लाख रुपए में बेचकर विक्रय पत्र का पंजीयन 1 अक्टूबर 2019 को उप पंजीयक कार्यालय में कराया था। जमीन का कब्जा भी परिवादी को दे दिया गया था।

परिवादी ने जमीन खरीदने के बाद उस समय नामांतरण नहीं करवाया। इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने कथित तौर पर साजिश रची और उसी जमीन का दोबारा बेचान कर दिया। आरोपियों ने 26 दिसंबर 2022 को उक्त जमीन का विक्रय पत्र कन्हैयालाल के नाम पंजीकृत भी करवा दिया।

एक ही जमीन के दो बार बेचान का मामला सामने आने के बाद नयापुरा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपी कुलदीप सिंह हाड़ा तथा राजवर सिंह की तलाश शुरू की। दोनों आरोपी कुछ समय से फरार चल रहे थे। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।