कोटा: तत्काल आरक्षण का समय नहीं बदला, 1 अगस्त से सिर्फ नई टोकन व्यवस्था होगी लागू

कोटा: तत्काल आरक्षण का समय नहीं बदला, 1 अगस्त से सिर्फ नई टोकन व्यवस्था होगी लागू

यतीश व्यास 

कोटा। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि तत्काल टिकट बुकिंग के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। 1 अगस्त से केवल आरक्षण केंद्रों पर टोकन वितरण की नई व्यवस्था लागू होगी, जिससे तत्काल आरक्षण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनेगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि नई व्यवस्था केवल पश्चिम मध्य रेलवे के मंडलों में लागू होगी। इसका उद्देश्य आरक्षण केंद्रों पर भीड़ को व्यवस्थित करना, यात्रियों को सुविधा देना तथा दलालों और बिचौलियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाना है।

नई व्यवस्था के तहत एसी तत्काल टिकट के लिए टोकन सुबह 8:30 से 9:00 बजे तक तथा नॉन-एसी के लिए 9:00 से 9:30 बजे तक वितरित किए जाएंगे। वहीं टिकट बुकिंग का समय पूर्ववत रहेगा। एसी तत्काल बुकिंग सुबह 10:00 बजे और नॉन-एसी बुकिंग सुबह 11:00 बजे शुरू होगी।

टोकन वितरण में दो प्राथमिकता श्रेणियां बनाई गई हैं। प्राथमिकता ‘ए’ में स्वयं अथवा निकट पारिवारिक सदस्य के लिए टिकट कराने वाले यात्री शामिल होंगे, जबकि प्राथमिकता ‘बी’ में अन्य सभी आवेदक रहेंगे। दोनों श्रेणियों के लिए निर्धारित पहचान पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

रेलवे के अनुसार प्रत्येक टोकन पर संबंधित काउंटर संख्या अंकित होगी और उसका रिकॉर्ड रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा, जिससे एक व्यक्ति द्वारा बार-बार टोकन लेने तथा टाउटों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी।