कोटा: प्रहलाद गुंजल के नेतृत्व में खाद, नहरी पानी व केडीए के विरोध में बूंदी में किसानों का प्रदर्शन

कोटा: प्रहलाद गुंजल के नेतृत्व में खाद, नहरी पानी व केडीए के विरोध में बूंदी में किसानों का प्रदर्शन

यतीश व्यास 

बूंदी। खाद-बीज की उपलब्धता, नहरी पानी की मांग और कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) की कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार को पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल के नेतृत्व में बूंदी में किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। धानमंडी परिसर में आयोजित सभा के बाद रैली निकालकर जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।

सभा को संबोधित करते हुए प्रहलाद गुंजल ने कहा कि किसान खाद, बीज, बिजली और सिंचाई के पानी के लिए परेशान हैं, जबकि सरकार उनकी समस्याओं की अनदेखी कर रही है। उन्होंने केडीए पर किसानों और ग्रामीणों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं रुकी तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने खाद वितरण में कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया।

बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र बचाओ अभियान की शुरुआत बूंदी से की जा रही है। खानपुर विधायक सुरेश गुर्जर ने सरकार को किसान और गांव विरोधी बताया। वहीं बूंदी जिला कांग्रेस अध्यक्ष महावीर मीणा ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से किसान और आमजन परेशान हैं।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने छात्रों के आंदोलन, पेपर लीक, किसानों की समस्याओं और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यक्रम में वीरेंद्र सिंह झाला, गुड्डू कादरी, सत्येश शर्मा, चर्मेश शर्मा, डी.के. मेघवाल, मोडूलाल वर्मा, संतोष भाकल, मोहन गुर्जर, जय किशन मीणा, मधु वर्मा, बृजमोहन यादव, जगदीश पारेता, बाबूलाल वर्मा, चेतराम मीणा और जगरूप सिंह रंधावा सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।