कोटा: यात्रियों के बीच रेलवे प्लेटफॉर्म पर पहुंची आरपीएफ की गाड़ी, मची अफरा-तफरी

कोटा: यात्रियों के बीच रेलवे प्लेटफॉर्म पर पहुंची आरपीएफ की गाड़ी, मची अफरा-तफरी

यतीश व्यास 

कोटा। सोमवार देर रात कोटा रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक चारपहिया वाहन प्लेटफॉर्म नंबर-1 तक पहुंच गया। यह वाहन पार्सल कार्यालय के समीप दिखाई दिया, जिसे देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में हलचल मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही कई यात्री सतर्क हो गए और उससे दूरी बनाकर निकलते नजर आए। कुछ देर बाद वाहन से पुलिस वर्दी में जवान उतरते दिखाई दिए। यात्रियों का कहना है कि ये जवान संभवतः रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) से संबंधित थे।

घटना को लेकर यात्रियों ने चिंता जताते हुए कहा कि प्लेटफॉर्म जैसे संवेदनशील क्षेत्र में वाहन का प्रवेश सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर विषय है। उनका कहना था कि यदि वाहन संचालन में थोड़ी भी लापरवाही होती तो कोई यात्री दुर्घटना का शिकार हो सकता था। फिलहाल इस संबंध में आधिकारिक स्तर पर कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।