कोटा: आकाश NEET श्रेष्ठता कार्यक्रम में विद्यार्थियों और अभिभावकों से सीधा संवाद, संभावित टॉपर उपलक्ष्य गोयल ने कहा- अनुशासन और रिवीजन ही सफलता की कुंजी

कोटा: आकाश NEET श्रेष्ठता कार्यक्रम में विद्यार्थियों और अभिभावकों से सीधा संवाद, संभावित टॉपर उपलक्ष्य गोयल ने कहा- अनुशासन और रिवीजन ही सफलता की कुंजी

यतीश व्यास 

कोटा। आकाश एजुकेशनल सर्विसेज लिमिटेड (AESL) की ओर से शनिवार को आकाश NEET श्रेष्ठता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और अभिभावकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण NEET 2026 में संभावित 711 अंक प्राप्त करने वाले छात्र उपलक्ष्य गोयल के साथ आयोजित विशेष संवाद सत्र रहा। विद्यार्थियों और अभिभावकों ने उनकी तैयारी की रणनीति, अध्ययन पद्धति और परीक्षा अनुभवों को जाना।

उपलक्ष्य गोयल ने कहा कि NEET में सफलता के लिए अनुशासन, निरंतरता और नियमित रिवीजन बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को NCERT पर मजबूत पकड़ बनाने, रोजाना लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करने और प्रत्येक टेस्ट के बाद अपनी गलतियों का विश्लेषण करने की सलाह दी।

फिजिक्स की तैयारी से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि इस विषय में कॉन्सेप्ट की स्पष्ट समझ और लगातार प्रश्नों का अभ्यास ही सफलता का आधार है। उन्होंने कहा कि टेस्ट में कम अंक आने पर निराश होने के बजाय कमजोरियों को पहचानकर उनमें सुधार करना चाहिए, क्योंकि हर गलती आगे बेहतर प्रदर्शन का अवसर देती है।

मोबाइल और सोशल मीडिया के उपयोग पर उन्होंने विद्यार्थियों को अनावश्यक स्क्रीन टाइम से बचने और पढ़ाई के दौरान पूरी एकाग्रता बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि समय का सही प्रबंधन और पढ़ाई के बीच छोटे-छोटे ब्रेक लंबे समय तक प्रभावी अध्ययन में मदद करते हैं।

प्रेस वार्ता के दौरान उपलक्ष्य गोयल ने कहा कि उनकी सफलता में आकाश इंस्टीट्यूट का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि 711 अंक की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने किसी अन्य कोचिंग संस्थान से संपर्क नहीं किया। उन्होंने कहा कि आकाश का अध्ययन मैटेरियल और शिक्षकों का मार्गदर्शन तैयारी के लिए पर्याप्त रहा।

कार्यक्रम में आकाश के रीजनल डायरेक्टर अखिलेश दीक्षित सहित संस्थान के वरिष्ठ फैकल्टी सदस्य और शैक्षणिक विशेषज्ञ मौजूद रहे। दीक्षित ने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत, टेस्ट एनालिसिस और सकारात्मक सोच के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि बड़ी सफलता लंबे समय के संघर्ष और अनुशासित प्रयासों का परिणाम होती है। विद्यार्थियों को केवल परीक्षा में सफलता ही नहीं, बल्कि अपने व्यवहार और व्यक्तित्व विकास पर भी लगातार काम करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसी परिणाम का उत्सव मनाना नहीं, बल्कि आगामी NEET अभ्यर्थियों को सफलता की सही दिशा और प्रभावी तैयारी की रणनीति उपलब्ध कराना है।