कोटा: 13 साल की मासूम से दरिंदगी के विरोध में कांग्रेस ने निकाला कैंडल मार्च, श्रीगंगानगर की घटना पर जताया आक्रोश, 32 आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग

कोटा: 13 साल की मासूम से दरिंदगी के विरोध में कांग्रेस ने निकाला कैंडल मार्च, श्रीगंगानगर की घटना पर जताया आक्रोश, 32 आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग

यतीश व्यास 

कोटा। श्रीगंगानगर में 13 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी की घटना के विरोध में शहर जिला कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग की ओर से कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया। शहीद स्मारक से सावित्री ज्योतिबा फुले पार्क तक निकाले गए इस मार्च में बड़ी संख्या में महिलाएं, बालिकाएं, आमजन और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों ने घटना पर आक्रोश जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि मासूम बच्ची ने जिस ऑटो चालक से मदद मांगी, उसी ने उसे अपराधियों के हवाले कर दिया। पांच दिनों तक बच्ची ने जिस पीड़ा को झेला, उसे सुनकर ही रूह कांप उठती है।

उन्होंने कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी 32 आरोपियों को ऐसी कठोर सजा मिलनी चाहिए, जिससे भविष्य में कोई भी इस तरह का अपराध करने से पहले कई बार सोचने को मजबूर हो।

कैंडल मार्च में शहर जिला कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के शहर अध्यक्ष दीपक नामदेव, देहात अध्यक्ष टीकम चंद सुमन, महिला नेत्री मंजू चौधरी, प्रीति सुमन, बलविंदर सिंह बिल्लू, हेमंत चतुर्वेदी, प्रशांत सक्सैना, पवन कछावा, दीपक सेन, अजय गुर्जर, जितेंद्र रामावत, सौरभ सेन, धर्मेंद्र जैन भाया, दिलदार अली, फिरोज दबंग, नदीम रजा, अरविंद मिश्रा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।