नंदीग्राम एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी में ‘सुहागरात’ जैसा सजाया केबिन, रेलवे ने टीसी को किया सस्पेंड, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे हरकत में

नंदीग्राम एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी में ‘सुहागरात’ जैसा सजाया केबिन, रेलवे ने टीसी को किया सस्पेंड, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे हरकत में

मुंबई। नंदीग्राम एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच में एक कपल के लिए केबिन को निजी डेकोरेटर से सजवाने का मामला अब तूल पकड़ गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में केबिन को शादी के बाद की पहली रात के कमरे की तरह सजाया हुआ नजर आ रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलवे प्रशासन ने संबंधित टिकट निरीक्षक (टीसी) को निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार यह घटना 6 जुलाई 2026 की है। ट्रेन संख्या 11002 नंदीग्राम एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक दंपती ने यात्रा को यादगार बनाने के लिए ऑनलाइन एक निजी डेकोरेटर की सेवाएं ली थीं। डेकोरेटर ने ट्रेन के अंदर पहुंचकर फर्स्ट एसी कोच के एक केबिन को फूलों और सजावटी सामान से सजा दिया।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन सक्रिय हुआ। रेलवे अधिकारियों ने बिना अनुमति ट्रेन के अंदर बाहरी व्यक्ति के प्रवेश और कोच में इस तरह की सजावट को सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही माना है।

रेलवे ने संबंधित स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए टीसी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि निजी व्यक्ति को ट्रेन के अंदर प्रवेश और सजावट की अनुमति कैसे मिली।