कोटा में 29 मार्च को सजेगा जेसीआई कोटा एलिगेंस का मरूधरा महोत्सव: गढ़ पैलेस में दिखेगा राजस्थानी ठाठ-बाट, रजवाड़ा रैम्प वॉक रहेगा मुख्य आकर्षण

कोटा में 29 मार्च को सजेगा जेसीआई कोटा एलिगेंस का मरूधरा महोत्सव: गढ़ पैलेस में दिखेगा राजस्थानी ठाठ-बाट, रजवाड़ा रैम्प वॉक रहेगा मुख्य आकर्षण

यतीश व्यास 

कोटा। राजस्थान की समृद्ध परंपरा, रंग-बिरंगी वेशभूषा, लोकनृत्य और कला की जीवंत झलक अब एक ही मंच पर देखने को मिलेगी। जेसीआई कोटा एलीगेंस द्वारा आयोजित मरूधरा महोत्सव का आयोजन 29 मार्च को गढ़ पैलेस स्थित बादल महल में सुबह 8:30 बजे से रात 11 बजे तक किया जाएगा। खास बात यह है कि इस पारिवारिक मेले में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है।

संस्था की अध्यक्ष जेसी अनुषा जैन ने पत्रकार वार्ता में बताया कि यह आयोजन पूरी तरह राजस्थानी संस्कृति को समर्पित है, जिसमें शहरवासियों को म्हारो राजस्थान की असली झलक देखने और महसूस करने का अवसर मिलेगा।

जेसी रिंकू जैन ने बताया कि महोत्सव को पारंपरिक राजस्थानी मेले का स्वरूप दिया गया है। इसमें फन, फूड, गेम्स, शॉपिंग और आकर्षक प्रदर्शनी के साथ लोक कला की सुगंध भी महसूस होगी। आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को राजस्थान की सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ना और लोक परंपराओं के संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।

महोत्सव का मुख्य आकर्षण रजवाड़ा रैम्प वॉक रहेगा, जिसमें प्रतिभागी पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में अपनी अदाओं का प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान बेस्ट ड्रेस, बेस्ट वॉक, बेस्ट स्माइल, बेस्ट ज्वेलरी और ‘नखराली बाईसा’ जैसे आकर्षक खिताब भी दिए जाएंगे।

पूजा सोलंकी ने बताया कि हर आयु वर्ग के लिए ओपन टैलेंट प्लेटफॉर्म भी रखा गया है। इसमें प्रतिभागी सिंगिंग, डांसिंग, पोएट्री और स्टैंड-अप कॉमेडी के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे। इसके अलावा म्यूजिकल हाउजी, राजस्थानी थीम पर आधारित टेक्नो डीजे पार्टी और विभिन्न ब्रांड्स व स्थानीय व्यवसायों की प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी।