कोटा: नगर निगम की लापरवाही का खामियाजा भुगत रही अन्नपूर्णा रसोई, कचरे और नाले की दुर्गंध के बीच भोजन को मजबूर लोग

कोटा: नगर निगम की लापरवाही का खामियाजा भुगत रही अन्नपूर्णा रसोई, कचरे और नाले की दुर्गंध के बीच भोजन को मजबूर लोग

यतीश व्यास 

कोटा। शहर के जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध कराने वाली अन्नपूर्णा रसोई की व्यवस्था भले ही सुव्यवस्थित और स्वच्छ हो, लेकिन उसके बाहर का नजारा नगर निगम की सफाई व्यवस्था की पोल खोल रहा है। सोगरिया रेलवे स्टेशन स्थित महात्मा गांधी स्कूल के सामने संचालित अन्नपूर्णा रसोई के आसपास गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे यहां भोजन करने आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रसोई के समीप लंबे समय से कचरा जमा है, जिसमें दिनभर गाय, सूअर और आवारा कुत्ते विचरण करते रहते हैं। वहीं पास से गुजर रहा नाला भी गंदगी से अटा पड़ा है, जिससे पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है। ऐसी परिस्थितियों में लोगों को भोजन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम को कई बार शिकायतें देने के बावजूद सफाई व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ। निगम की उदासीनता के कारण अन्नपूर्णा रसोई के आसपास का वातावरण लगातार बदतर होता जा रहा है।
रसोई में भोजन की गुणवत्ता और अंदर की साफ-सफाई की स्थानीय लोग सराहना करते हैं, लेकिन नगर निगम की लापरवाही ने पूरे परिसर की छवि धूमिल कर दी है। गंदगी और बदबू के कारण कई लोग अब यहां भोजन करने से भी कतराने लगे हैं। स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम से तत्काल सफाई अभियान चलाकर अन्नपूर्णा रसोई के आसपास सफाई करने की मांग की है।