कोटा: 79 अज्ञात दिवंगतों की अस्थियां लेकर हरिद्वार रवाना हुआ कर्मयोगी दल, कर्मयोगी सेवा संस्थान ने दी श्रद्धांजलि

कोटा: 79 अज्ञात दिवंगतों की अस्थियां लेकर हरिद्वार रवाना हुआ कर्मयोगी दल, कर्मयोगी सेवा संस्थान ने दी श्रद्धांजलि

यतीश व्यास 

कोटा। कर्मयोगी सेवा संस्थान की ओर से 30वीं अस्थि कलश यात्रा के तहत 79 अज्ञात एवं निर्धन दिवंगतों की अस्थियां हरिद्वार विसर्जन के लिए रवाना की गईं। इससे पूर्व गुरु धाम कॉलोनी स्थित संस्थान मुख्यालय पर संगीतमय सुंदरकांड पाठ एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।

संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष राजाराम जैन कर्मयोगी ने बताया कि 13 दिसंबर 2025 से 20 जून 2026 तक विभिन्न थाना क्षेत्रों से प्राप्त 58 अज्ञात शवों में से 55 का संस्थान ने अंतिम संस्कार किया। वहीं 24 निर्धन मृतकों के परिजनों ने भी अस्थियां संस्थान को सौंपीं। इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं और करंट से मृत 9 वानरों की अस्थियां भी विसर्जन के लिए भेजी गई हैं।

आठ सदस्यीय सेवा दल नंदा देवी एक्सप्रेस से हरिद्वार रवाना हुआ। 21 जून को हर की पौड़ी पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सभी अस्थियों का विसर्जन किया जाएगा।