राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आया युवक, हालत गंभीर

राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आया युवक, हालत गंभीर

यतीश व्यास 


कोटा/हिंडौन। हिंडौन रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार सुबह एक युवक राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही आरपीएफ मौके पर पहुंची और युवक को हिंडौन अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर जयपुर रेफर कर दिया गया। घटना के कारण ट्रेन करीब 40 मिनट देरी से कोटा पहुंची।

पुलिस के अनुसार घायल युवक की पहचान रॉबिन जांगिड (24) पुत्र उमेश जांगिड निवासी भुसावर जिला भरतपुर के रूप में हुई है। युवक की पैंट की जेब से आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी और राजस्थान रोडवेज की बस का टिकट मिला, जिससे उसकी पहचान की गई। 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक अचानक ट्रेन के सामने आ गया। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसने आत्महत्या का प्रयास किया या वह पटरी पार कर रहा था। नई मंडी थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक को पटरी पर देखते ही ट्रेन चालक ने लगातार हॉर्न बजाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाए लेकिन ट्रेन रुकने से पहले ही युवक उसकी चपेट में आ गया। टक्कर के बाद वह ट्रैक के बीच गिर गया और ट्रेन का अधिकांश हिस्सा उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई है।