चंद्रेसल मठ के महंत की हत्या पर जयपुर तक गूंजा मामला, प्रदेश अध्यक्ष ने कलेक्टर-एसपी से की बात, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी के दिए निर्देश

यतीश व्यास 

कोटा। बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक चंद्रेसल मठ के महंत देवानंद महाराज की धारदार हथियारों से निर्मम हत्या के मामले को लेकर भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने गहरा रोष व्यक्त किया है। शनिवार को संत समाज एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौर और प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर को ज्ञापन सौंपा।

प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर ने प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौर को पूरे घटनाक्रम से विस्तार से अवगत कराया। इसके बाद मदन राठौर ने कोटा जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से बात कर घटना पर कड़ी नाराजगी जताई तथा दोषियों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

छगन माहुर ने कहा कि संत समाज और विभिन्न सामाजिक संगठनों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने प्रशासन से अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करने की मांग की।

उधर, पुलिस अधीक्षक कोटा शहर ने बताया कि मामले की जांच तेज गति से की जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं तथा 4-5 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
महंत देवानंद महाराज की हत्या के बाद संत समाज सहित विभिन्न संगठनों में रोष का माहौल है और प्रशासन पर जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दबाव बढ़ता जा रहा है।