कोटा- महंत हत्याकांड पर भड़के प्रहलाद गुंजल, बोले- हत्या नहीं, सरकार की कानून-व्यवस्था दम तोड़ गई

कोटा- महंत हत्याकांड पर भड़के प्रहलाद गुंजल, बोले- हत्या नहीं, सरकार की कानून-व्यवस्था दम तोड़ गई

यतीश व्यास 

कोटा। चन्द्रसेल मठ के महंत देवानंद महाराज की हत्या के बाद एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठे संत समाज और आमजन के बीच पहुंचे पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता प्रहलाद गुंजल ने घटना पर गहरा आक्रोश जताते हुए सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह केवल एक संत की हत्या नहीं, बल्कि सरकार की कानून-व्यवस्था दम तोड़ गई है। 

गुंजल ने कहा कि मंदिर-मठ जैसे पवित्र और आस्था के केंद्र में इस प्रकार की जघन्य वारदात होना बेहद चिंताजनक है। जिस स्थान पर प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं, वहां अपराधियों का बेखौफ होकर हत्या कर देना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों में शासन-प्रशासन का भय पूरी तरह समाप्त हो चुका है। पुलिस अपराधियों पर शिकंजा कसने के बजाय नाकाबंदी, चालान और वसूली जैसे कार्यों में अधिक व्यस्त दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों में शासन का भय बैठाने की कोशिश की जा रही है, जबकि अपराधी खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

गुंजल ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति सरकार के खिलाफ सोशल मीडिया पर टिप्पणी कर दे तो पुलिस तत्काल सक्रिय हो जाती है, लेकिन शहर में लगातार बढ़ रहे अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं देती। उन्होंने कहा कि बेखौफ हत्याएं और बढ़ते अपराध शासन-प्रशासन की विफलता को उजागर करते हैं।

उन्होंने कहा कि यह घटना सरकार और प्रशासन के मुंह पर तमाचा है। खुद को सनातन संस्कृति का हितैषी बताने वाली सरकार के शासनकाल में एक संत की हत्या होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ तत्काल और कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

गुंजल ने संत समाज को भरोसा दिलाते हुए कहा कि इस संघर्ष में कांग्रेस और वह स्वयं कंधे से कंधा मिलाकर संत समाज के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि संत समाज जो भी निर्णय लेगा, उसमें पूरा सहयोग दिया जाएगा और न्याय की लड़ाई हर स्तर पर लड़ी जाएगी।