कोटा टेनिस प्रीमियर लीग का समापन, टेनिस टाइटंस की टीम रही विजेता

कोटा टेनिस प्रीमियर लीग का समापन, टेनिस टाइटंस की टीम रही विजेता

यतीश व्यास 

कोटा। कोटा टेनिस संघ एवं ऋद्धि टेनिस अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कोटा टेनिस प्रीमियर लीग का समापन समारोह श्रीनाथपुरम स्टेडियम में उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि विधायक संदीप शर्मा थे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में कोटा क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मनोज शर्मा, डॉ. शैलेन्द्र बिरला एवं समाजसेवी प्रवीण भंडारी उपस्थित रहे।

आयोजन सचिव अनिल आनंद ने बताया कि समारोह में अतिथियों द्वारा खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र, ट्रॉफी एवं पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। कोटा क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मनोज शर्मा ने प्रतियोगिता में प्रथम चार स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को कुल 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की।

अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन कर कोटा जिले का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने के लिए प्रेरित किया। विधायक संदीप शर्मा ने विजेता टीम की सबसे कम आयु की 7 वर्षीय खिलाड़ी ऋद्धि कौशिकी सहित निवान जैन एवं ग्रंथ अग्रवाल की विशेष सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभा और परिश्रम के बल पर वे देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।

राष्ट्रीय प्रशिक्षक एवं रेफरी अमृतेश कुमार ने प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए। टीम प्रतियोगिता में टेनिस टाइटंस की टीम विजेता रही। टीम में मोनेश, निवान, ग्रंथ, नैवेद्य एवं ऋद्धि शामिल थे। ग्रैंड स्लैम स्लेयर्स की टीम उपविजेता रही, जबकि एस ब्रेकर्स ने तृतीय और रैकेट रिबेल्स ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।

गोल्ड जनरेशन वर्ग में डोरिया स्टार के अरविंद एवं सिद्धार्थ की जोड़ी प्रथम स्थान पर रही। रावतभाटा रिबेल्स के महावीर एवं वेद प्रकाश ने द्वितीय तथा एस.के. वर्मा एवं अमृतेश कुमार की जोड़ी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।