कोटा में रोबोटिक तकनीक से सफल घुटना प्रत्यारोपण, भारत विकास परिषद अस्पताल में पहली बार VELYS रोबोटिक सर्जरी

कोटा में रोबोटिक तकनीक से सफल घुटना प्रत्यारोपण, भारत विकास परिषद अस्पताल में पहली बार VELYS रोबोटिक सर्जरी

यतीश व्यास 

कोटा, 30 मई। कोटा की स्वास्थ्य सेवाओं ने आधुनिक चिकित्सा के क्षेत्र में एक नया मुकाम हासिल किया है। भारत विकास परिषद अस्पताल में पहली बार अत्याधुनिक VELYS रोबोटिक असिस्टेड नी रिप्लेसमेंट (घुटना प्रत्यारोपण) सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न की गई। वरिष्ठ जोड़ प्रत्यारोपण विशेषज्ञ डॉ. विश्वास शर्मा के नेतृत्व में हुई इस सफल शल्यक्रिया ने गंभीर घुटना गठिया से पीड़ित मरीजों के लिए नई उम्मीद जगा दी है।

डॉ. विश्वास शर्मा ने बताया कि मरीज लंबे समय से घुटनों की गंभीर घिसावट, असहनीय दर्द, चलने-फिरने में कठिनाई और जकड़न जैसी समस्याओं से जूझ रहा था। आधुनिक रोबोटिक तकनीक की सहायता से किए गए सफल घुटना प्रत्यारोपण के बाद मरीज की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार देखा गया है।

उन्होंने बताया कि VELYS रोबोटिक तकनीक सर्जरी के दौरान अत्यधिक सटीकता प्रदान करती है, जिससे प्रत्यारोपण की गुणवत्ता बेहतर होती है और मरीज को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिलने की संभावना बढ़ जाती है। यह तकनीक सर्जन को मरीज की शारीरिक संरचना के अनुरूप ऑपरेशन की योजना बनाने और उसे अत्यंत सटीकता से लागू करने में मदद करती है।

डॉ. शर्मा ने कहा कि प्रत्येक मरीज की आयु, हड्डियों की गुणवत्ता, घुटने की विकृति और जीवनशैली को ध्यान में रखते हुए व्यक्तिगत उपचार योजना तैयार की जाती है, जिससे दीर्घकालिक और बेहतर परिणाम सुनिश्चित किए जा सकें।

अस्पताल के संरक्षक श्याम शर्मा ने इसे कोटा की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि अब महानगरों में उपलब्ध अत्याधुनिक रोबोटिक चिकित्सा तकनीक का लाभ हाड़ौती क्षेत्र के मरीजों को भी स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा।

वहीं अस्पताल अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने बताया कि भारत विकास परिषद अस्पताल और बीवीआईएमएस भविष्य में अन्य जटिल ऑपरेशनों में भी रोबोटिक तकनीक को शामिल करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं, ताकि क्षेत्रवासियों को आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।