कोटा- रेलवे अंडरपास निर्माण के दौरान बड़ा हादसा, मिट्टी धंसने से दो इंजीनियरों की मौत, दरा घाटी में निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा

कोटा- रेलवे अंडरपास निर्माण के दौरान बड़ा हादसा, मिट्टी धंसने से दो इंजीनियरों की मौत, दरा घाटी में निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा

यतीश व्यास 

कोटा। कोटा-झालावाड़ नेशनल हाईवे-52 स्थित दरा घाटी क्षेत्र में रेलवे अंडरपास के निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मिट्टी ढहने से दो इंजीनियरों की दबकर मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी तुरंत पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

कनवास एसडीएम बाबूलाल मीणा ने बताया कि एनएच-52 पर दरा घाटी के पास रेलवे अंडरपास का निर्माण कार्य चल रहा था। उस समय लेबर काम खत्म कर जा चुकी थी, जबकि मौके पर एलएनटी और जेसीबी मशीनें खड़ी थीं। इसी दौरान दोनों इंजीनियर प्रभात सिंह झा और पंकज कुमार झा निरीक्षण कर रहे थे, तभी अचानक मिट्टी का ढेर धंस गया और दोनों दब गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एलएनटी और जेसीबी मशीनों की मदद से 10–15 मिनट की मशक्कत के बाद दोनों को मिट्टी से बाहर निकाला गया। इस दौरान प्रभात सिंह झा की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि गंभीर रूप से घायल पंकज कुमार झा को कोटा रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

गौरतलब है कि दरा घाटी में बार-बार लगने वाले जाम की समस्या को देखते हुए कोटा-झालावाड़ एनएच-52 पर करीब 9.98 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे अंडरब्रिज (आरयूबी) का निर्माण कार्य चल रहा है।