कोटा टेनिस प्रीमियर लीग में दूसरे दिन हुए कांटे के मुकाबले, 7 साल की रिद्धि ने दिखाया दम

कोटा टेनिस प्रीमियर लीग में दूसरे दिन हुए कांटे के मुकाबले, 7 साल की रिद्धि ने दिखाया दम

यतीश व्यास 

कोटा। श्रीनाथपुरम स्टेडियम में आयोजित कोटा टेनिस प्रीमियर लीग के दूसरे दिन खेले गए मुकाबले रोमांच, संघर्ष और शानदार खेल कौशल से भरपूर रहे। दिनभर चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर दर्शकों का मनोरंजन किया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन के खेलों का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. मीनू बिरला ने किया।

भीषण गर्मी को देखते हुए आयोजन समिति द्वारा खिलाड़ियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।

ऐस ब्रेकर्स की अनिका एवं अंकेश की जोड़ी ने कड़े मुकाबले में आशी एवं समाट की जोड़ी को 6-5 से हराया। वहीं वॉली विक्सेंसन के हरिओम एवं प्रणव ने टेनिस टाइटंस के नैवेद्य एवं रिद्धि कौशिकी को 6-3 से मात दी। टेनिस टाइटंस के निवान एवं ग्रंथ की जोड़ी ने शानदार खेल दिखाते हुए बेसलाइन बैंडिट्ज के पवित्र एवं सक्षम को 6-1 से पराजित किया।

ऐस ब्रेकर्स की हिमादी आर्य एवं अनिक की जोड़ी ने एकतरफा मुकाबले में ग्रैंड स्लैम स्लेयर्स के अथर्व एवं वंश को 6-0 से शिकस्त दी। दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला टेनिस टाइटंस की सबसे कम उम्र की 7 वर्षीय खिलाड़ी रिद्धि कौशिकी एवं नैवेद्य की जोड़ी और रैकेट रिबेल्स के लवंशी एवं आयुष के बीच खेला गया, जिसमें रिद्धि और नैवेद्य ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में 6-5 से जीत दर्ज कर की। 

इसके अलावा कोर्ट कमांडर्स की शुभी बिरला एवं पुष्कल की जोड़ी ने बेसलाइन बैंडिट्ज के पवित्र एवं सक्षम को 6-2 से हराया। वहीं बेसलाइन बैंडिट्ज के आराध्य ने शानदार वापसी करते हुए टेनिस टाइटंस के मोहनीश को 6-4 से पराजित कर दिन का मुकाबला अपने नाम किया।