कोटा- बिजली समस्याओं पर कांग्रेस ने KEDL को घेरा, समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

कोटा- बिजली समस्याओं पर कांग्रेस ने KEDL को घेरा, समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

यतीश व्यास 

कोटा, 18 मई। शहर में बढ़ते बिजली बिल, बार-बार हो रही कटौती, ट्रिपिंग और उपभोक्ताओं से कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर शहर जिला कांग्रेस कमेटी सहकारिता प्रकोष्ठ ने KEDL कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों के साथ वार्ता की। बैठक कॉमर्स कॉलेज के पास स्थित KEDL कार्यालय में आयोजित हुई।

बैठक की अगुवाई सहकारिता प्रकोष्ठ के अध्यक्ष विजय पंडित ने की। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने पूर्व में KEDL को सौंपे गए ज्ञापन पर अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी मांगी। पदाधिकारियों ने कहा कि लगातार बिजली संबंधी समस्याओं से आमजन परेशान हैं, लेकिन समाधान की गति बेहद धीमी है।

कांग्रेस नेताओं ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि बढ़े हुए बिजली बिल, बार-बार ट्रिपिंग, अघोषित कटौती और उपभोक्ताओं के साथ कर्मचारियों के व्यवहार में सुधार के लिए तत्काल प्रभाव से कदम उठाए जाएं, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

वार्ता के दौरान KEDL अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। वहीं कांग्रेस पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस बड़ा जनआंदोलन करेगी।

बैठक में मोहम्मद चाँद घोंसी, विनीत स्टोन, वैभव गौतम, विजय हाडा और विंसेंट ऑस्टिन सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।