फैक्ट्री पार्टनरशिप के नाम पर महिला से 41 लाख की ठगी, शातिर आरोपी गिरफ्तार, कोटा स्टोन फैक्ट्री में हिस्सेदारी दिलाने का झांसा देकर ऐंठी रकम, कागजात मांगने पर दी जान से मारने की धमकी

फैक्ट्री पार्टनरशिप के नाम पर महिला से 41 लाख की ठगी, शातिर आरोपी गिरफ्तार, कोटा स्टोन फैक्ट्री में हिस्सेदारी दिलाने का झांसा देकर ऐंठी रकम, कागजात मांगने पर दी जान से मारने की धमकी

यतीश व्यास 

कोटा 12 मई। थाना रेलवे कॉलोनी पुलिस ने फैक्ट्री पार्टनरशिप के नाम पर महिला से करीब 41 लाख रुपये की ठगी करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कोटा स्टोन कटिंग और पॉलिश फैक्ट्री में साझेदारी दिलाने का झांसा देकर महिला से ऑनलाइन और नकद रूप में बड़ी रकम वसूल ली।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद फहीम पुत्र हमीद उर्फ छुट्टन भदाना सोसायटी का निवासी है। मामले में कैलाशपुरी निवासी वर्षा भारती ने 2 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी ने रामगंजमंडी रोड स्थित एक कोटा स्टोन कटिंग एवं पॉलिश फैक्ट्री बिकाऊ होने की बात कही। उसने खुद को फैक्ट्री मालिक का करीबी बताते हुए महिला को पार्टनरशिप का प्रस्ताव दिया और फैक्ट्री भी दिखाई। भरोसे में लेकर आरोपी ने अलग-अलग किस्तों में 27 लाख 13 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए, जबकि 14 लाख 35 हजार रुपये नकद भी वसूल लिए।

आरोपी ने महिला को यह कहकर एग्रीमेंट नहीं करने दिया कि पूरा लेन-देन ऑनलाइन हो रहा है, इसलिए किसी दस्तावेज की जरूरत नहीं है। बाद में आरोपी ने डरा-धमकाकर नकद राशि भी ऐंठ ली। जब पीड़िता ने फैक्ट्री के कागजात या अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम के निर्देशन में गठित टीम ने जांच के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान एसबीआई, पंजाब नेशनल बैंक और केनरा बैंक खातों के ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड भी चेक किए गए। पूछताछ में आरोपी ने महिला से विभिन्न माध्यमों से राशि लेना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि कोटा स्टोन कारोबार में घाटा होने के कारण उसने यह धोखाधड़ी की।