सरकारी स्कूलों में प्रवेश बढ़ाने के लिए निकाली रैली, शिक्षा सहकारी और स्काउट-गाइड ने जगाई अलख

सरकारी स्कूलों में प्रवेश बढ़ाने के लिए निकाली रैली, शिक्षा सहकारी और स्काउट-गाइड ने जगाई अलख

यतीश व्यास 

कोटा, 11 मई। प्रवेशोत्सव के दूसरे चरण के तहत शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर कोटा-बारां एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट एंड गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आवासन मंडल, केशवपुरा में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों का सरकारी विद्यालयों में नामांकन बढ़ाना और अभिभावकों को सरकारी शिक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षा सहकारी के अध्यक्ष एवं स्काउट-गाइड के जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल रहे, जबकि अध्यक्षता प्रधानाचार्य एवं सहायक जिला कमिश्नर गाइड नीलम त्रिपाठी ने की। इस दौरान विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्काउट-गाइड सदस्यों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

प्रकाश जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, वर्दी, मध्याह्न भोजन, छात्रवृत्ति सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को सरकारी विद्यालयों में प्रवेश दिलाने की अपील की।

नीलम त्रिपाठी ने कहा कि सरकारी विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहे हैं। प्रशिक्षित शिक्षकों, बेहतर आधारभूत सुविधाओं और सह-शैक्षिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कार्यक्रम के बाद जागरूकता रैली निकाली गई, जिसे प्रकाश जायसवाल और नीलम त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में स्काउट-गाइड सदस्य और विद्यार्थी उत्साह के साथ शामिल हुए। बच्चों ने दूध रोटी तरकारी- स्कूल अच्छा सरकारी, सरकारी स्कूल में जाएंगे, जग में नाम कमाएंगे और शिक्षा सहकारी ने ठाना है, शिक्षा का दीप जलाना है जैसे नारों के माध्यम से क्षेत्रवासियों को जागरूक किया।

रैली आवासन मंडल विद्यालय से शुरू होकर संतोषी नगर, केशवपुरा और महावीर नगर विस्तार योजना के विभिन्न क्षेत्रों से होकर पुनः विद्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। कार्यक्रम में मुकेश कसाना, सुमन गुप्ता, मधु मोदी, गिरिजा सुमन, गीता शर्मा एवं सुनीता भाटी सहित शिक्षकों और पदाधिकारियों का सहयोग रहा।