प्रसूताओं की मौत मामले में मेडिकल कॉलेज प्राचार्य पर कार्रवाई की मांग, कांग्रेस नेता मनोज दुबे ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

प्रसूताओं की मौत मामले में मेडिकल कॉलेज प्राचार्य पर कार्रवाई की मांग, कांग्रेस नेता मनोज दुबे ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

कोटा, 11 मई। मेडिकल कॉलेज में चार प्रसूताओं की मौत के मामले को लेकर कांग्रेस नेता मनोज दुबे ने मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. निलेश जैन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई।

दुबे ने कहा कि सिजेरियन ऑपरेशन के बाद कई प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ना और इलाज के दौरान चार महिलाओं की मौत होना बेहद दुखद और पीड़ादायक घटना है। उन्होंने कहा कि यह मामला अस्पताल प्रशासन की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है और मेडिकल कॉलेज प्रशासन भी इसकी जिम्मेदारी से बच नहीं सकता।

उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में अब तक मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. निलेश जैन के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे आमजन में भारी रोष व्याप्त है।सरकार ने कार्रवाई के नाम पर अस्थायी नियुक्ति पर कार्यरत गायनोकोलॉजिस्ट डॉ. श्रद्धा उपाध्याय को बर्खास्त कर दिया, जबकि जिम्मेदारी तय कर वरिष्ठ अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए थी।

उन्होंने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस घटना से साबित हो गया है कि भाजपा सरकार में मरीजों की सुरक्षा भगवान भरोसे है और प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल स्थिति में पहुंच चुकी हैं।