कोटा में किन्नर समाज के लिए तय होगी ‘बधाई’ की राशि, 17 मई को बनेगी समिति, आत्मनिर्भर मातृशक्ति गौरव सम्मान समारोह में 79 किटी समूहों का अभिनंदन

कोटा में किन्नर समाज के लिए तय होगी ‘बधाई’ की राशि, 17 मई को बनेगी समिति, आत्मनिर्भर मातृशक्ति गौरव सम्मान समारोह में 79 किटी समूहों का अभिनंदन

यतीश व्यास 

कोटा, 11 मई। अंतरराष्ट्रीय मातृ दिवस के अवसर पर सर्व हिंदू समाज महिला मंडल महासंघ द्वारा गीता भवन में आयोजित आत्मनिर्भर मातृशक्ति गौरव सम्मान समारोह में महिलाओं के सम्मान के साथ-साथ किन्नर समाज से जुड़े सामाजिक मुद्दों पर भी अहम पहल की गई। कार्यक्रम में 79 किटी समूहों की महिलाओं का सम्मान किया गया, वहीं कोटा किटी क्लब की स्थापना की घोषणा भी की गई।

समारोह के मुख्य संयोजक एवं अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल ने कहा कि महिलाओं द्वारा संचालित किटी समूह अब केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहे, बल्कि सामाजिक एकजुटता और आर्थिक आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम बन चुके हैं। उन्होंने बताया कि शहरभर के किटी समूहों को एक साझा मंच देने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया।

संस्थापक महामंत्री राजाराम जैन ‘कर्मयोगी’ ने बताया कि देश की आजादी के 79वें वर्ष के प्रतीक स्वरूप प्रथम चरण में 79 किटी समूहों को आमंत्रित किया गया। प्रत्येक समूह की पांच महिलाओं को मोतियों की माला, दुपट्टा और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में महामंडलेश्वर साध्वी हेमा सरस्वती और महामंडलेश्वर श्री कुलम शक्तिपीठ नीति अंबा माताजी ने आशीर्वाद दिया। मुख्य अतिथि समाजसेवी संजय गोयल रहे, जबकि अध्यक्षता चार्टर्ड अकाउंटेंट एवं पूर्व अध्यक्ष रामलाल विजय ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में थर्मल के पूर्व अधिकारी दिनेश कुमार बंसल मौजूद रहे।

किन्नर समाज के लिए बनेगी सर्वसम्मति समिति-

समारोह के दौरान सर्व हिंदू समाज की 500 से अधिक महिलाओं की मौजूदगी में एक महत्वपूर्ण सामाजिक प्रस्ताव पारित किया गया। अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल ने घोषणा की कि कोटा किटी क्लब के माध्यम से मांगलिक अवसरों पर किन्नर समाज द्वारा ली जाने वाली ‘बधाई’ की राशि को सर्वसम्मति से तय किया जाएगा।

इसके लिए 17 मई को विभिन्न समाजों के वरिष्ठ नागरिकों की एक समिति गठित की जाएगी, जो किन्नर समाज को दी जाने वाली सम्मानजनक एवं न्यायसंगत राशि निर्धारित करेगी। समिति में महिला मंडल की वरिष्ठ सदस्य संतोष शर्मा, रमा शर्मा, सरोज मिश्रा, ज्योति यादव, प्रमिला गुप्ता और किरण वेद सहित नवयुवक मंडल के अश्वत्थामा दाधीच, परमानंद गर्ग, बृजनंदन गौतम, हेमंत सिंह, लक्ष्मी नारायण गर्ग, अनिल कुमार शर्मा और महावीर जैन शामिल रहेंगे।

राजाराम कर्मयोगी ने कहा कि समाज की मांग पर किन्नरों के घरों पर आने का समय भी निर्धारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किन्नर समाज भी हमारे समाज का अभिन्न हिस्सा है और उनके सम्मानजनक जीवन-यापन की व्यवस्था करना समाज की जिम्मेदारी है।