कोटा- पहले महिला का पर्स लूटा, घर की रेकी की और फिर कार लेकर फरार हुए बदमाश, एमपी से दबोचे गए दो शातिर आरोपी

कोटा- पहले महिला का पर्स लूटा, घर की रेकी की और फिर कार लेकर फरार हुए बदमाश, एमपी से दबोचे गए दो शातिर आरोपी

यतीश व्यास

कोटा 8 मई। पुलिस ने कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र से चोरी हुई क्रेटा कार और गुमानपुरा इलाके में महिला से पर्स लूट की वारदात में शामिल दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई क्रेटा कार भी बरामद कर ली गई है।

पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आसिफ हुसैन उर्फ आसू और सुनील नागर उर्फ कच्छु के खिलाफ पूर्व में भी चोरी और अन्य गंभीर धाराओं के करीब आधा दर्जन प्रकरण दर्ज हैं। कार्रवाई थानाधिकारी देवेश भारद्वाज के नेतृत्व में गठित टीम ने की।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले गुमानपुरा क्षेत्र में एक महिला से पर्स लूटा था। पर्स में मिले आईडी कार्ड और कार की चाबी के आधार पर आरोपियों ने मकान की रैकी की और बाद में कुन्हाड़ी स्थित रिद्धि-सिद्धि कॉलोनी से क्रेटा कार चोरी कर ली।

फरियादी पंकज अग्रवाल ने 3 मई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 अप्रैल की रात घर के बाहर खड़ी उनकी सफेद क्रेटा कार सुबह गायब मिली। सीसीटीवी फुटेज में अज्ञात बदमाश कार चोरी कर ले जाते दिखाई दिए थे।

तकनीकी अनुसंधान और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम मध्यप्रदेश के आगर जिले के बड़ौद कस्बे पहुंची, जहां बिना नंबर की क्रेटा कार में बैठे दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पुलिस को देखकर आरोपियों ने कार भगाने की कोशिश की, लेकिन टीम ने पीछा कर दोनों को दबोच लिया। पूछताछ में दोनों ने पर्स लूट और कार चोरी की वारदात कबूल कर ली।