कोटा- मेडिकल कॉलेज में बिना चीरा एक दिन में 5 हार्ट ऑपरेशन सफल, सभी मरीज अगले दिन डिस्चार्ज

कोटा- मेडिकल कॉलेज में बिना चीरा एक दिन में 5 हार्ट ऑपरेशन सफल, सभी मरीज अगले दिन डिस्चार्ज

यतीश व्यास 

कोटा 4 मई। मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के कार्डियोलॉजी विभाग ने एक ही दिन में बिना चीड़-फाड़ (कैथेटर आधारित) हार्ट के पांच सफल ऑपरेशन किए। सभी मरीजों अर्पित मीणा (12, बूंदी), चेतन यादव (17, बारा), रेनू पारेता (25, कोटा), लोकेश माली (5, बारा), अंजलि (17, सुल्तानपुर) को अगले ही दिन डिस्चार्ज भी कर दिया गया।

इन ऑपरेशन में मरीजों को बेहोश करने की आवश्यकता नहीं पड़ी। केवल लोकल एनेस्थीसिया देकर उपचार किया गया। इस तकनीक में पैर की नस से पतली कैथेटर हार्ट तक पहुंचाकर जन्मजात छेद (डिफेक्ट) को विशेष डिवाइस से बंद किया जाता है। बिना चीरे की इस प्रक्रिया से दर्द कम होता है, संक्रमण का खतरा घटता है और मरीज जल्दी स्वस्थ हो जाता है।

कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. भंवर राणवा ने बताया कि इस तरह के ऑपरेशन करीब छह माह से एक वर्ष पहले शुरू किए गए थे और अब लगातार अच्छे परिणाम मिल रहे हैं। पिछले एक वर्ष में जन्मजात हार्ट रोगों के 100 से अधिक सफल ऑपरेशन किए जा चुके हैं। इससे मरीजों को निजी अस्पतालों या बाहर के शहरों में जाकर करीब डेढ़ लाख रुपये तक खर्च करने से राहत मिली है।

इस सफल ऑपरेशन में डॉ. भंवर राणवा, डॉ. संदीप शेट्टी, डॉ. यशवंत शर्मा, मनोज मालब, महेंद्र चौधरी, विमल गहलोत के साथ डॉ. नीलेश जैन (सुपर स्पेशलिटी अधीक्षक एवं प्राचार्य) और डॉ. मनोज सिंगल (एनेस्थीसिया विभाग) का विशेष सहयोग रहा।