कोटा में 19 अप्रैल को निकलेगी भगवान परशुराम प्राकट्य महोत्सव की भव्य शोभायात्रा

कोटा में 19 अप्रैल को निकलेगी भगवान परशुराम प्राकट्य महोत्सव की भव्य शोभायात्रा

यतीश व्यास 

कोटा, 22 मार्च। ब्राह्मण समाज की ओर से भगवान परशुराम प्राकट्य महोत्सव के उपलक्ष्य में 19 अप्रैल को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस आयोजन को लेकर गोदावरी धाम में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें महंत बाबा शैलेंद्र भार्गव को शोभायात्रा का संयोजक नियुक्त किया गया।

शैलेंद्र भार्गव ने बताया कि शोभायात्रा 19 अप्रैल को शाम 5 बजे परशुराम सर्किल तलवंडी से प्रारंभ होगी। यह शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए भगवान परशुराम वाटिका पहुंचेगी, जहां महाआरती का आयोजन किया जाएगा। साथ ही संत समाज द्वारा ब्राह्मण समाज को आशीर्वाद प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शोभायात्रा में शहर के चार प्रमुख ब्राह्मण संगठन और 35 उपघटक संगठन भाग लेंगे। शोभायात्रा में विभिन्न संगठनों द्वारा अपने-अपने आराध्य देवों की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। इसके अलावा बैंड-बाजे और डीजे भी शामिल रहेंगे। महिला और पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में भाग लेंगे, जिससे शोभायात्रा और अधिक आकर्षक बनेगी।

बैठक में रामस्वरूप शर्मा, राजेंद्र गौतम, अनिल तिवारी, प्रदीप दाधीच, ब्रजराज गौतम, संजय शर्मा, धर्मेंद्र दीक्षित, लोकपाल जगदीश शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, डॉ. मनीष तिवारी और डॉ. जगदीश शर्मा सहित कई समाजबंधु शामिल थे।