कोटा- कचरा वाहन या चलती फिरती गंदगी का ढेर? ट्रैक्टर का टूटा डाला, खुला कचरा, राहगीर परेशान और बदबू से बेहाल शहर

कोटा- कचरा वाहन या चलती फिरती गंदगी का ढेर? ट्रैक्टर का टूटा डाला, खुला कचरा, राहगीर परेशान और बदबू से बेहाल शहर

यतीश व्यास


कोटा, 30 अप्रेल। शहर को साफ रखने का दावा करने वाला नगर निगम खुद सड़कों पर गंदगी फैलाता नजर आ रहा है। बूंदी रोड पर महाराणा प्रताप सर्कल कुन्हाड़ी से गुजरता नगर निगम का कचरा वाहन लोगों के लिए मुसीबत बन गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली में एक साइड का डाला टूटा हुआ था, ऊपर से कचरा बिना ढके भरा हुआ नतीजा, सड़क पर जगह-जगह कचरा गिरता रहा और पूरे इलाके में बदबू फैलती रही।

लोगों का कहना है कि यह कोई एक दिन की बात नहीं, बल्कि रोज का हाल है। वाहन न तो ढका होता है और न ही उसमें कोई व्यवस्था दिखती है। चलते-चलते कचरा गिरना आम हो गया है, जिससे सड़कें गंदी हो रही हैं और राहगीरों को नाक बंद करके निकलना पड़ रहा है।

सवाल यह है कि जब नगर निगम खुद ही नियमों की धज्जियां उड़ाएगा तो शहर साफ कैसे रहेगा? खुले में कचरा ढोना न सिर्फ स्वच्छता अभियान की पोल खोल रहा है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बनता जा रहा है।

अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इस चलती फिरती गंदगी पर कब लगाम लगाते हैं, या फिर शहर यूं ही बदबू और लापरवाही के बीच घुटता रहेगा।