कोटा- रेल कर्मचारियों को बड़ी राहत, जयपुर के निजी अस्पतालों से हुआ अनुबंध, रेलवे अस्पताल में सुविधाएं भी होंगी बेहतर

यतीश व्यास 


कोटा 25 अप्रेल। वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ के प्रयासों से कोटा मंडल में कार्यरत और सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों व उनके परिवारों को चिकित्सा सुविधाओं में बड़ी राहत मिलने जा रही है। अब रेलवे अस्पताल से निजी अस्पतालों में रेफर करवाने की प्रक्रिया आसान होगी। 

मंडल सचिव अब्दुल खालिक ने बताया कि मंडल रेल चिकित्सालय कोटा में आयोजित अस्पताल विजिटिंग समिति की बैठक में संघ प्रतिनिधि चेतन शर्मा और पी.के. गर्ग ने कर्मचारियों की चिकित्सा संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया, जिस पर रेल अधिकारियों के साथ सकारात्मक चर्चा हुई।

इस पहल के तहत रेलवे चिकित्सालय कोटा ने जयपुर के दो बड़े मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल भगवान महावीर कैंसर अस्पताल और अमर मेडिकल रिसर्च सेंटर से अनुबंध कर लिया है। साथ ही अन्य सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों से भी अनुबंध की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिससे गंभीर बीमारियों के इलाज में और सुविधा मिलेगी।

मजदूर संघ की मांग पर रेलवे अस्पताल कोटा के सभी वार्डों को वातानुकूलित कर दिया गया है। इसके अलावा ओपीडी में आधुनिक और कंप्यूटर अनुकूल फर्नीचर की खरीद की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, जिससे मरीजों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

अस्पताल परिसर में बरसात के दौरान जलभराव की समस्या को देखते हुए सुधार कार्य को मंजूरी दे दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि बारिश से पहले यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा, जिससे मरीजों और स्टाफ को परेशानी नहीं होगी।