कोटा- जेके लोन अस्पताल में लाइव लेप्रोस्कोपिक सर्जरी कार्यशाला, रेजिडेंट डॉक्टरों को मिला आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण, विशेषज्ञों ने किया सर्जरी का सीधा प्रदर्शन, जटिल प्रक्रियाओं की दी गई प्रैक्टिकल ट्रेनिंग

कोटा- जेके लोन अस्पताल में लाइव लेप्रोस्कोपिक सर्जरी कार्यशाला, रेजिडेंट डॉक्टरों को मिला आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण, विशेषज्ञों ने किया सर्जरी का सीधा प्रदर्शन, जटिल प्रक्रियाओं की दी गई प्रैक्टिकल ट्रेनिंग

यतीश व्यास 


कोटा, 25 अप्रैल। जे.के. लोन मातृ एवं शिशु चिकित्सालय में शनिवार को लाइव लेप्रोस्कोपिक सर्जरी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अधीक्षक एवं स्त्री रोग विभागाध्यक्ष डॉ. निर्मला शर्मा के नेतृत्व और प्राचार्य व नियंत्रक डॉ. निलेश जैन के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। कार्यशाला का उद्देश्य स्नातकोत्तर रेजिडेंट डॉक्टरों को उन्नत एंडोस्कोपिक सर्जरी की तकनीकों में दक्ष बनाना रहा।

इस दौरान विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने विभिन्न सर्जिकल प्रक्रियाओं का लाइव प्रदर्शन किया, जिसमें डॉ. निर्मला शर्मा, डॉ. पाटीदार, डॉ. नयनिका गौर और डॉ. शैलेश जैन शामिल रहे। लाइव सर्जरी के माध्यम से रेजिडेंट डॉक्टरों और फैकल्टी को व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ, जिससे उनकी समझ और कौशल दोनों में वृद्धि हुई।

कार्यशाला के तहत रेजिडेंट डॉक्टरों को डायग्नोस्टिक हिस्टेरो-लेप्रोस्कोपी, हिस्टेरोस्कोपिक पॉलिपेक्टॉमी से लेकर एडवांस लेप्रोस्कोपिक हिस्टेरेक्टॉमी जैसी प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दिया गया। विशेषज्ञों द्वारा किए गए विभिन्न जटिल केसों के अवलोकन से रेजिडेंट्स के सैद्धांतिक ज्ञान और व्यावहारिक सर्जिकल कौशल के बीच की दूरी कम करने में मदद मिली।

डॉ. निर्मला शर्मा ने बताया कि इस प्रकार की लाइव सर्जिकल कार्यशालाएं रेजिडेंट डॉक्टरों के कौशल विकास के लिए बेहद उपयोगी साबित होती हैं, जिससे उन्हें आधुनिक तकनीकों का सीधे अनुभव मिलता है।

कार्यक्रम की सफलता के लिए डॉ. निर्मला शर्मा ने प्राचार्य डॉ. निलेश जैन, आयोजन समिति, एनेस्थीसिया विभाग, ऑपरेशन थिएटर नर्सिंग स्टाफ और तकनीकी टीम का आभार व्यक्त किया।