कोटा- भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए परिंडा अभियान जारी, स्कूलों में बांधे जलपात्र

कोटा- भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए परिंडा अभियान जारी, स्कूलों में बांधे जलपात्र

यतीश व्यास 

कोटा 24 अप्रैल। गर्मी से बेहाल पक्षियों को राहत देने के लिए “परिंदों के लिए परिंडा अभियान” लगातार जारी है। शुक्रवार को नयागांव और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, शिवपुरा में पेड़ों व सार्वजनिक स्थानों पर परिंडे लगाकर पानी की व्यवस्था की गई।

कार्यक्रम संयोजक दिनेश कुमार मीणा और कमल कुमार शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत लगाए गए परिंडों में नियमित साफ पानी भरने की जिम्मेदारी भी तय की गई है। इसका उद्देश्य पक्षियों को राहत देने के साथ आमजन में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

मुख्य अतिथि समाजसेवी नरेंद्र कंसूरिया ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में पशु-पक्षियों की सेवा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। अध्यक्षता कर रहे प्रकाश जायसवाल ने बताया कि संस्था हर साल गर्मी में यह अभियान चलाती है।

इस दौरान विद्यार्थियों और स्काउट-गाइड सदस्यों ने उत्साह से भाग लेकर परिंडे बांधे और उन्हें नियमित भरने का संकल्प लिया। आयोजकों ने लोगों से भी घरों के आसपास परिंडे लगाने की अपील की।