कोटा: हाईवोल्टेज से मीटर में लगी आग, फ्रिज-टीवी समेत कई उपकरण जले, पीड़ित ने मांगा मुआवजा

कोटा: हाईवोल्टेज से मीटर में लगी आग, फ्रिज-टीवी समेत कई उपकरण जले, पीड़ित ने मांगा मुआवजा

यतीश व्यास 

कोटा, 21 अप्रेल। शहर के आरकेपुरम थाना क्षेत्र के  नया गांव में मंगलवार को बिजली लाइन में अचानक हाईवोल्टेज करंट आने से नुकसान हो गया। तेज करंट की वजह से घर के बिजली मीटर जल गए और फ्रिज, टीवी सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब हो गए।

पीड़ित विक्रम सिंह ने बताया कि अचानक वोल्टेज बढ़ने से उनके घर के मीटर में आग लग गई। देखते ही देखते घर में रखे कई बिजली उपकरण जल गए। घटना के दौरान परिवार के लोग घबरा गए और एहतियात के तौर पर तुरंत घर से बाहर निकल आए।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं पहले भी कई बार हो चुकी हैं, लेकिन बिजली विभाग की ओर से स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।

पीड़ित ने बिजली कंपनी से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं, लोगों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए बिजली व्यवस्था में सुधार किया जाए।