कोटा: चिल्लाती रहीं महिलाएं- “मत काटो पेड़”, ठेकेदार के बुलडोजर ने उखाड़ दिए हरे-भरे पेड़, शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई

कोटा: चिल्लाती रहीं महिलाएं- “मत काटो पेड़”, ठेकेदार के बुलडोजर ने उखाड़ दिए हरे-भरे पेड़, शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई

यतीश व्यास 

कोटा, 21 अप्रेल। उत्तम नगर बोरखेड़ा के मुख्य मार्ग पर सड़क निर्माण के दौरान पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क किनारे लगे करीब 10 हरे-भरे पेड़ों को हटाया गया, जबकि ठेकेदार पहले इन पेड़ों को काटने से इनकार कर चुका था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पेड़ लगभग 10 साल पुराने थे। जब बुलडोजर मौके पर पहुंचा तो कॉलोनी की महिलाएं पेड़ों को बचाने के लिए आगे आईं और चिल्लाते हुए रोकने की कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद ठेकेदार के बुलडोजर ने पेड़ों को उखाड़ दिया।

घटना के बाद कॉलोनीवासियों ने बोरखेड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि पुलिस ने उल्टा यह कहकर मामला टाल दिया कि पेड़ों से दुर्घटना की आशंका थी, इसलिए उन्हें हटाया गया।

कार्रवाई न होते देख कॉलोनी की महिलाएं एडीएम सिटी से मिलीं और पूरे मामले की शिकायत की। एडीएम ने उन्हें एसपी ऑफिस में शिकायत करने को कहा। महिलाएं एसपी ऑफिस भी पहुंचीं, जहां मौजूद स्टाफ ने बोरखेड़ा थाने से फोन पर जानकारी ली। थाने से वही जवाब मिला कि संभावित दुर्घटना को देखते हुए पेड़ों को हटाया गया।

इसके बाद महिलाओं को बिना किसी ठोस कार्रवाई के वापस भेज दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के नाम पर हरे-भरे पेड़ों की कटाई की गई, लेकिन जिम्मेदार विभागों ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है।