कोटा: बड़ी स्क्रीन पर सजेगा लाइव क्रिकेट का रोमांच, जेके पवेलियन में होगा आईपीएल फैन पार्क का आयोजन, एंट्री फ्री

कोटा: बड़ी स्क्रीन पर सजेगा लाइव क्रिकेट का रोमांच, जेके पवेलियन में होगा आईपीएल फैन पार्क का आयोजन, एंट्री फ्री

यतीश व्यास 

कोटा, 17 अप्रैल। बीसीसीआई की ओर से कोटा जिला क्रिकेट संघ के सहयोग से 18 और 19 अप्रैल को नयापुरा स्थित जेके पवेलियन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में टाटा IPL फैन पार्क का भव्य आयोजन किया जाएगा। खास बात यह है कि दोनों दिन प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।

50 से ज्यादा शहरों में आयोजन, कोटा भी शामिल-

आईपीएल फैन पार्क के समन्वयक मीत और कोटा जिला क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष सुरेश आनंद ‘नीटू’ ने बताया कि बीसीसीआई इस सीजन में देशभर के 50 से अधिक शहरों में फैन पार्क आयोजित कर रहा है, जिसमें कोटा को भी चुना गया है। स्टेडियम में विशाल एलईडी स्क्रीन लगाई गई है, जिस पर मैचों का सीधा प्रसारण होगा।

दो दिन में चार बड़े मुकाबले-

18 अप्रैल को दोपहर 3:30 बजे रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबला होगा, जबकि शाम 7:30 बजे सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपरकिंग्स आमने-सामने होंगी। वहीं 19 अप्रैल को दोपहर 3:30 बजे कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला राजस्थान रॉयल्स से होगा और शाम को पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मैच खेला जाएगा।

मैच प्रसारण के साथ-साथ दर्शकों के मनोरंजन के लिए फूड कोर्ट, बच्चों के लिए प्ले एरिया, क्रिकेट नेट प्रैक्टिस और सेल्फी जोन जैसे खास आकर्षण होंगे। युवाओं के लिए लकी ड्रॉ प्रतियोगिता भी रखी गई है, जिसमें विजेताओं को आईपीएल टीमों के कप्तानों द्वारा साइन की गई टी-शर्ट्स दी जाएगी। 

रविवार को राजस्थान रॉयल्स के समर्थकों के लिए ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर टीम फ्लैग और मर्चेंडाइज का वितरण किया जाएगा। 

कोटा जिला क्रिकेट संघ ने शहरवासियों, विद्यार्थियों और खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस क्रिकेट उत्सव का हिस्सा बनने और अपनी पसंदीदा टीमों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।