कोटा: मेडिकल कॉलेज में जटिल ब्रेन ट्यूमर की सफल सर्जरी, 6 महीने से परेशान महिला को मिली राहत

कोटा: मेडिकल कॉलेज में जटिल ब्रेन ट्यूमर की सफल सर्जरी, 6 महीने से परेशान महिला को मिली राहत

यतीश व्यास 


कोटा,16 अप्रेल। मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में न्यूरोसर्जरी विभाग ने एक जटिल मस्तिष्क ट्यूमर की सफल सर्जरी की है। जिले की निवासी कौशल्या यादव (पत्नी प्रकाश यादव) को लंबे समय से सिरदर्द, शरीर में कमजोरी और बोलने में तुतलाहट की समस्या थी, जिससे अब उन्हें राहत मिल गई है।

मरीज पिछले करीब 6 महीनों से इन समस्याओं से जूझ रही थीं और निजी अस्पतालों में उपचार कराने के बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ। हालत बिगड़ने पर उन्हें एसएसबी अस्पताल के न्यूरोसर्जरी विभाग में लाया गया, जहां आधुनिक उपकरणों से जांच की गई।

जांच में मस्तिष्क में बड़ा ट्यूमर मिला, इसके बाद वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ. एस.एन. गौतम के नेतृत्व में विशेषज्ञ टीम ने सर्जरी की योजना बनाई।

7 अप्रैल को सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में यह जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया। सर्जरी के दौरान ट्यूमर को पूरी तरह निकाल दिया गया और आगे की जांच के लिए बायोप्सी हेतु भेजा गया। ऑपरेशन के दौरान मरीज को 3 यूनिट रक्त भी चढ़ाया गया।

टीम में डॉ. बनेश जैन और डॉ. अलंकार शर्मा शामिल रहे, जबकि एनेस्थीसिया टीम का नेतृत्व डॉ. मनोज सिंघल ने किया। उनके साथ डॉ. देवराज और डॉ. रिया भी मौजूद रहे।

सर्जरी के बाद मरीज की हालत स्थिर है और लंबे समय से हो रही सिरदर्द की समस्या में राहत मिली है। 

खास बात यह रही कि मरीज की सभी जांच और उपचार मेडिकल कॉलेज कोटा में निःशुल्क किए गए। न्यूरोसर्जरी विभाग अब इस तरह की जटिल सर्जरी करने में पूरी तरह सक्षम हो चुका है।