संस्कृति संगम में झलकी भारतीय परंपरा: श्री लालचंद आदर्श विद्या मंदिर का वार्षिकोत्सव सम्पन्न

संस्कृति संगम में झलकी भारतीय परंपरा: श्री लालचंद आदर्श विद्या मंदिर का वार्षिकोत्सव सम्पन्न

यतीश व्यास 


भवानीमंडी,14 अप्रेल। विद्या भारती द्वारा संचालित श्री लालचंद आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय का वार्षिकोत्सव “संस्कृति संगम” एक रिसोर्ट में आयोजित हुआ।

विद्या भारती के राजस्थान क्षेत्र संगठन मंत्री गोविंद कुमार ने कहा कि हमारे पारंपरिक भारतीय भोजन में किसी प्रकार की कमी नहीं है, फिर भी हम पिज्जा, बर्गर और चाउमीन जैसे पश्चिमी खाद्य पदार्थों की ओर आकर्षित हो रहे हैं, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हैं। उन्होंने शिक्षा के साथ सेवा को भी आवश्यक बताते हुए समाज के हर क्षेत्र में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लार्ड मैकाले की शिक्षा पद्धति के कारण हम सांस्कृतिक, सामाजिक और मानसिक रूप से पिछड़ गए थे, लेकिन अब शिक्षा का स्वरूप बदल रहा है और हम अपनी प्राचीन गौरवशाली संस्कृति की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य रामस्वरूप सोनी ने बताया कि कार्यक्रम में उप जिला कलेक्टर श्रद्धा गोमे मुख्य अतिथि रहीं, जबकि पुलिस उपाधीक्षक प्रेम कुमार चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें भारतीय संस्कृति की झलक दिखाई दी।

इस अवसर पर जिला सचिव मुकुट बिहारी यादव, जिला मंत्री रामस्वरूप नागर, संघ के जिला संघचालक बनेसिंह सोलंकी, हरगोपाल माहेश्वरी, प्रबंध समिति अध्यक्ष कमल सुरेका, मंत्री प्रकाश गुप्ता सीए, कार्यक्रम संयोजक अरविंद गुप्ता सहित अनेक गणमान्य नागरिक और अभिभावक उपस्थित रहे।