राजस्थान में निजी अस्पताल 24 घंटे के लिए बंद, RGHS सेवाएं भी अनिश्चितकाल के लिए रोकीं

कोटा/जयपुर। प्रदेश में निजी चिकित्सा सेवाएं मंगलवार सुबह 8 बजे से 24 घंटे के लिए पूरी तरह ठप रहेंगी। निविक अस्पताल के निदेशक डॉ. सोमदेव बंसल की गिरफ्तारी के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) राजस्थान के आह्वान पर यह हड़ताल बुलाई गई है। यह बंद 14 अप्रैल सुबह 8 बजे से 15 अप्रैल सुबह 8 बजे तक प्रभावी रहेगा।

आईएमए राजस्थान के जोनल सचिव डॉ. अनुराग शर्मा ने बताया कि इस कार्रवाई से प्रदेशभर के चिकित्सकों में गहरा आक्रोश है। उनका कहना है कि मामले की जांच के लिए गठित मेडिकल बोर्ड ने किसी तरह की चिकित्सकीय लापरवाही नहीं पाई, इसके बावजूद आरजीएचएस से जुड़ी अनियमितताओं के आधार पर गिरफ्तारी की गई, जो उचित नहीं है। सरकारी डॉक्टर इस हड़ताल में शामिल नहीं होंगे, लेकिन विरोध प्रदर्शन कर समर्थन जताएंगे।

RGHS सेवाएं भी स्थगित-

आईएमए ने आरजीएचएस योजना में आ रही दिक्कतों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। निजी अस्पतालों ने भुगतान में देरी, पेनल्टी और जटिल प्रक्रियाओं के विरोध में आरजीएचएस सेवाएं अनिश्चितकाल के लिए बंद करने की घोषणा की है।

संगठन ने सरकार से डॉ. बंसल की तत्काल रिहाई, लंबित भुगतानों के निपटान और चिकित्सकों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं के समाधान की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि मांगें नहीं मानी गईं तो आगे और कड़े कदम उठाए जाएंगे।