कोटा: परीक्षा के डर से घर नहीं पहुंचा कोचिंग छात्र, 10 दिन बाद अहमदाबाद में मिला

कोटा: परीक्षा के डर से घर नहीं पहुंचा कोचिंग छात्र, 10 दिन बाद अहमदाबाद में मिला

यतीश व्यास 

कोटा। कोटा में रहकर इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा (जेईई) की तैयारी कर रहा एक छात्र 10 दिन बाद सुरक्षित मिल गया। जीआरपी ने उसे अहमदाबाद से खोजकर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के गाजीपुर निवासी 18 वर्षीय ओमजी सिंह पिछले एक साल से कोटा में कोचिंग कर रहा था। 31 मार्च की शाम उसकी अपने पिता रमेश कुमार सिंह से आखिरी बार बात हुई थी। उस दौरान उसने बताया था कि वह दोस्तों के साथ न्यू कोटा स्टेशन पहुंचा है और देहरादून ट्रेन से कोटा होते हुए कोटा-पटना ट्रेन पकड़कर गाजीपुर जाएगा।

हालांकि, 2 अप्रैल तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। पिता ने कई बार फोन किया, लेकिन मोबाइल लगातार स्विच ऑफ मिला। अनहोनी की आशंका के चलते वे कोटा पहुंचे और बेटे की तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने कोटा जीआरपी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद जीआरपी ने जांच शुरू की और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आखिरकार ओमजी को अहमदाबाद से बरामद कर लिया। पुलिस ने उसे सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया।

पूछताछ में सामने आया कि ओमजी 6 अप्रैल को होने वाली इंजीनियरिंग परीक्षा से बचने के लिए अपने एक परिचित के यहां अहमदाबाद चला गया था।