कोटा: कांग्रेस की बैठक में बवाल, नाम न लेने पर भड़के कार्यकर्ता, नारेबाजी और धक्का-मुक्की

कोटा: कांग्रेस की बैठक में बवाल, नाम न लेने पर भड़के कार्यकर्ता, नारेबाजी और धक्का-मुक्की

यतीश व्यास 

कोटा 10 अप्रेल। शहर कांग्रेस की बैठक में एक बार फिर गुटबाजी खुलकर सामने आई। ‘संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत आयोजित बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। कार्यकर्ताओं के बीच जमकर नारेबाजी हुई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

बैठक की शुरुआत में शहर जिलाध्यक्ष राखी गौतम ने नेताओं का नाम लेकर संबोधन किया, लेकिन वरिष्ठ नेता प्रहलाद गुंजल का नाम नहीं लेने पर उनके समर्थक भड़क उठे। इस पर विरोध स्वरूप जोरदार नारेबाजी शुरू हो गई।

स्थिति तब और बिगड़ गई जब पूर्व मंत्री शांति धारीवाल के समर्थक भी नारेबाजी में शामिल हो गए। दोनों गुट आमने-सामने आ गए और धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बन गई। कुछ देर बाद हालात संभाले गए, लेकिन तनाव बना रहा।

कार्यक्रम के दौरान जब गुंजल को अतिथियों का स्वागत करने के लिए बुलाया गया, तो उन्होंने पहले ही माला पहनाने की बात कहकर दूरी बना ली। इसके बाद एक बार फिर कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे माहौल गरमा गया।

हंगामे के बीच जिलाध्यक्ष राखी गौतम महिलाओं के साथ कार्यालय के अंदर चली गईं। बाद में नेताओं ने कार्यकर्ताओं को समझाकर मामला शांत कराया।

प्रहलाद गुंजल ने घटना को सामान्य बताते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं में गलतफहमी के कारण स्थिति बनी थी। वहीं राखी गौतम ने संगठन को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए एकजुट होकर काम करने की बात कही।

जिला प्रभारी पुष्पेंद्र भारद्वाज, जो पहली बार कोटा में बैठक लेने पहुंचे थे, ने भी माना कि थोड़ी बहुत गहमागहमी हुई, लेकिन संगठन को मजबूत करने का प्रयास जारी है।