कोटा: अग्रवाल समाज सेवा संस्था द्वारा अंगदान जागरूकता शिविर आयोजित, 200 लोगों की जांच, किडनी रोगों से बचाव की दी जानकारी

कोटा: अग्रवाल समाज सेवा संस्था द्वारा अंगदान जागरूकता शिविर आयोजित, 200 लोगों की जांच, किडनी रोगों से बचाव की दी जानकारी

यतीश व्यास 

कोटा। झालावाड़ रोड स्थित अग्रवाल सेवा सदन में रविवार को अग्रवाल समाज सेवा संस्था द्वारा “अंगदान-जीवन की मुस्कान” विषय पर जागरूकता एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर अंगदान के प्रति जागरूकता दिखाई।

शिविर में मेडिकल कॉलेज के नेफ्रोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. विकास खण्डेलिया ने कहा कि समय पर जांच और सही जीवनशैली अपनाकर किडनी की गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने बताया कि ब्रेन डेड व्यक्ति अंगदान के माध्यम से कई लोगों को नया जीवन दे सकता है, इसलिए समाज को इस दिशा में अपनी सोच बदलनी होगी। उन्होंने अंगदान से जुड़ी भ्रांतियों का भी समाधान किया। कोटा किडनी फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस शिविर में करीब 200 लोगों की निःशुल्क जांच की गई। 

कार्यक्रम के दौरान संस्था के पदाधिकारियों, सदस्यों और उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से अंगदान का संकल्प लिया। सभी ने स्वयं पंजीकरण कराने और समाज में जागरूकता फैलाने का वादा करते हुए ‘अंगदान दूत’ बनने की शपथ ली।

इस अवसर पर ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर दीपिका अवस्थी, ट्रांसप्लांट यूनिट प्रभारी राकेश जैन, कोटा किडनी फाउंडेशन की संयोजक ऋचा सिंह सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सीए विष्णु गर्ग मौजूद रहे, जबकि अध्यक्षता मनोज गर्ग ने की।

संस्था के अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल और महामंत्री महेन्द्र गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के संयोजकों में डी.डी. बंसल, कैलाशवती, अनुराग, मनीषा सिंघल, गौरव, दीप मित्तल, मीनाक्षी, हरीश गुप्ता, अर्पिताशा एवं मुकुट बिहारी गोयल शामिल रहे।