कोटा: जहां दमकल पहुंचना मुश्किल, वहां आग बुझाएंगी आधुनिक फायर बाइक, महापौर और आयुक्त ने दिखाई हरी झंडी

कोटा: जहां दमकल पहुंचना मुश्किल, वहां आग बुझाएंगी आधुनिक फायर बाइक, महापौर और आयुक्त ने दिखाई हरी झंडी

यतीश व्यास 

कोटा। शहर की तंग गलियों और संकरे रास्तों में आग लगने की घटनाओं पर त्वरित काबू पाने के लिए नगर निगम ने दो आधुनिक फायर बाइकों की शुरुआत की है। सोमवार को नगर निगम परिसर में महापौर अनुसुइया गोस्वामी और आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने हरी झंडी दिखाकर दोनों फायर बाइकों को रवाना किया।

इस दौरान चीफ फायर अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि इन फायर बाइकों को उन इलाकों में आग बुझाने के लिए उपयोग में लिया जाएगा, जहां छोटी दमकल गाड़ियों का पहुंचना भी मुश्किल होता है। इनके जरिए आग लगने की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए शुरुआती स्तर पर ही आग पर काबू पाने में मदद मिलेगी। आधुनिक तकनीक से लैस इन फायर बाइकों में हाई-प्रेशर वॉटर मिस्ट तकनीक का उपयोग किया गया है। इनमें 9 लीटर क्षमता का बैकपैक सिस्टम उपलब्ध है, जिसमें 8 लीटर पानी और 1 लीटर फोम का इस्तेमाल कर आग बुझाई जा सकेगी। संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ये फायर बाइक अग्निशमन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में मददगार साबित होंगी।