खाली प्लॉट्स बनेंगे कमाई का जरिया, कोटा लैंड बैंक पुस्तक का विमोचन

खाली प्लॉट्स बनेंगे कमाई का जरिया, कोटा लैंड बैंक पुस्तक का विमोचन

रिपोर्ट- यतीश व्यास 

कोटा, 21 मार्च। कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) की भूमि संपदा पर आधारित पुस्तक कोटा लैंड बैंक विश्लेषण और अवसर का विमोचन राजस्थान रेडक्रॉस सोसायटी के प्रदेश अध्यक्ष राजेश बिरला ने किया। पुस्तक के लेखक केडीए के राजस्व सलाहकार परमानन्द गोयल हैं, जिनकी यह आठवीं पुस्तक है।

पुस्तक में केडीए क्षेत्र के 8 हजार से अधिक रिक्त भूखण्डों का विस्तृत विश्लेषण किया गया है। इसमें भूखण्डों के उपयोग, आवंटन, पुनः आवंटन और नीलामी के व्यावहारिक सुझाव के साथ केस स्टडी और आमजन के लिए FAQ भी शामिल हैं।

लेखक के अनुसार, इन भूखण्डों की अनुमानित कीमत करीब 2900 करोड़ रुपए है। सुनियोजित उपयोग और नीलामी से अगले तीन वर्षों में लगभग 1000 करोड़ रुपए का राजस्व अर्जित किया जा सकता है, जिससे जन आकांक्षाओं की पूर्ति संभव होगी।

पुस्तक में हाड़ौती क्षेत्र के विकास के लिए त्रि-कोरिडोर मॉडल भी प्रस्तुत किया गया है। यह दस्तावेज नीति-निर्माताओं, निवेशकों और शहरी योजनाकारों के लिए उपयोगी माना जा रहा है।