कोटा: सायरन बजा, टीमें दौड़ीं और शुरू हुआ रेस्क्यू…रेल हादसे पर रेलवे-एनडीआरएफ की मेगा मॉक ड्रिल

कोटा: सायरन बजा, टीमें दौड़ीं और शुरू हुआ रेस्क्यू…रेल हादसे पर रेलवे-एनडीआरएफ की मेगा मॉक ड्रिल

यतीश व्यास 

कोटा। कोटा रेल मंडल ने बुधवार को गुड़ला रेलवे स्टेशन पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और अन्य एजेंसियों के साथ संयुक्त आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल आयोजित की। इसमें रेल दुर्घटना का काल्पनिक परिदृश्य तैयार कर राहत-बचाव, चिकित्सा सहायता और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय की तैयारियों को परखा गया।

अभ्यास के दौरान सुबह 8:55 बजे सूचना दी गई कि गुड़ला स्टेशन की लाइन संख्या 4 पर खड़ी मालगाड़ी को मुंबई-अमृतसर विशेष ट्रेन ने पीछे से टक्कर मार दी है। काल्पनिक दुर्घटना में यात्री ट्रेन के एस-1 और एस-2 कोच पटरी से उतर गए। हादसे में दो यात्रियों की मृत्यु और चार के गंभीर रूप से घायल होने की स्थिति दर्शाई गई।

सूचना मिलते ही रेलवे नियंत्रण कार्यालय ने संबंधित विभागों और राहत एजेंसियों को सक्रिय किया। दुर्घटना राहत चिकित्सा यान सुबह 9:15 बजे मौके पर पहुंचा। टीमों ने कोचों में फंसे यात्रियों को निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने और गंभीर घायलों को अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया।

मॉक ड्रिल में रेलवे के परिचालन, संरक्षा, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, वाणिज्य और रेलवे सुरक्षा बल सहित एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस, अग्निशमन सेवा, पुलिस तथा प्रशासनिक एजेंसियों ने भाग लिया। यात्रियों और परिजनों को प्रमाणित सूचना उपलब्ध कराने के लिए कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी और भरतपुर स्टेशनों पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था का भी परीक्षण किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने अभ्यास का निरीक्षण किया। वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी पुरुषोत्तम मीणा ने सुबह 10:26 बजे मॉक ड्रिल समाप्त घोषित की।