पमरे में रनिंग स्टाफ के 883 नए पद मंजूर, पहली बार ट्रेन मैनेजर काउंसलर के 50 पद, कोटा मंडल को मिले 43 नए पद

यतीश व्यास 

कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे में बढ़ते ट्रेन संचालन और रनिंग स्टाफ के कार्यभार को देखते हुए वर्ष 2026 के क्रू रिव्यू के तहत लोको एवं ट्रैफिक रनिंग स्टाफ के 883 नए पदों को मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही पमरे में रनिंग स्टाफ की स्वीकृत संख्या 11,246 से बढ़कर 12,129 हो जाएगी। इसके अलावा ट्रेन मैनेजर काउंसलर के 50 पद पहली बार स्वीकृत किए गए हैं।

जबलपुर की ओर से 6 अक्टूबर को जारी आदेश के अनुसार लोको रनिंग स्टाफ के 626 और ट्रैफिक रनिंग स्टाफ के 257 पद बढ़ाए गए हैं। वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ के मंडल सचिव अब्दुल खालिक ने बताया कि संघ की ओर से रनिंग स्टाफ की कमी, बढ़ते कार्यभार और संरक्षा से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाया गया था।

संघ के महामंत्री अशोक शर्मा ने जुलाई में महाप्रबंधक स्तर की पीएनएम बैठक में पद बढ़ाने का मुद्दा रखा था। इसके बाद 17 सितंबर को जबलपुर में आयोजित रनिंग स्टाफ कॉन्फ्रेंस में भी गाड़ियों की बढ़ती संख्या के अनुरूप पद बढ़ाने और रिक्त पदों को भरने की मांग की गई थी। 

कोटा मंडल में 43 पद बढ़े-

कैडर रिव्यू का सीधा लाभ कोटा मंडल को भी मिला है। मंडल में मेल/एक्सप्रेस लोको पायलट के 27, सीएलआई के 6 और पहली बार ट्रेन मैनेजर काउंसलर के 10 पद स्वीकृत किए गए हैं। यानी कोटा मंडल में कुल 43 नए पदों का सृजन होगा।