कोटा: नाम हटाने और केस दबाने का सौदा पड़ा भारी, पहले 35 हजार वसूले, बाकी 15 हजार लेने पहुंचा भीमगंजमंडी थाने का ASI तो ACB ने दबोचा

कोटा: नाम हटाने और केस दबाने का सौदा पड़ा भारी, पहले 35 हजार वसूले, बाकी 15 हजार लेने पहुंचा भीमगंजमंडी थाने का ASI तो ACB ने दबोचा

यतीश व्यास 

कोटा। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की इंटेलिजेंस टीम ने रिश्वतखोरी के मामले में भीमगंजमंडी थाने में तैनात सहायक उप निरीक्षक (ASI) रविंद्र सिंह यादव को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि मारपीट एवं लड़ाई-झगड़े के एक प्रकरण में परिवादी और उसके परिजनों के नाम हटाने तथा मामले को खत्म करने की एवज में ASI ने 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।

ACB इंटेलिजेंस की प्रभारी डीएसपी चंद्र कंवर के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद उसका सत्यापन कराया गया। सत्यापन में रिश्वत की मांग की पुष्टि होने पर बुधवार को एसीबी टीम ने नयापुरा क्षेत्र में कार्रवाई की। आरोपी ASI परिवादी से पहले ही 35 हजार रुपए ले चुका था। शेष 15 हजार रुपए लेने के लिए वह कोर्ट परिसर के गेट नंबर-3 के सामने मेन रोड पर पहुंचा, जहां एसीबी टीम ने उसे रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया।

कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। वहीं, मामले से जुड़े साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच के लिए एसीबी की दूसरी टीम द्वारा आरोपी के घर की तलाशी भी ली जा रही है।

बताया गया कि आरोपी ASI रविंद्र सिंह यादव पिछले दो दिनों से अवकाश पर था। वह पूर्व में कोटा के विभिन्न पुलिस थानों में भी तैनात रह चुका है। एसीबी ने प्रकरण में नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।