AI, शार्क टैंक और ग्लोबल एक्सपोजर से बदलेगा कोटा का इंडस्ट्री मैप, SSI का विजन डॉक्यूमेंट जारी

AI, शार्क टैंक और ग्लोबल एक्सपोजर से बदलेगा कोटा का इंडस्ट्री मैप, SSI का विजन डॉक्यूमेंट जारी

यतीश व्यास 


कोटा। शहर के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने के लिए एसएसआई एसोसिएशन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का विजन डॉक्यूमेंट जारी किया है। इसमें कोटा को मजबूत MSME हब बनाने और वैश्विक पहचान दिलाने का रोडमैप पेश किया गया। अध्यक्ष दीपक मेहता ने बताया कि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को प्राथमिकता देते हुए सरकारी विभागों और उद्योगों के बीच बेहतर तालमेल के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां तय की गई हैं।

एसोसिएशन की योजना के तहत दिसंबर में राजस्थान बिजनेस कॉन्क्लेव होगा, वहीं अक्टूबर में ऑल वूमेन एंटरप्रेन्योर कॉन्क्लेव आयोजित किया जाएगा। स्टार्टअप्स के लिए शार्क टैंक मॉडल पर फंडिंग कॉन्क्लेव और AI अवेयरनेस सेमिनार भी होंगे। वैश्विक बाजार से जुड़ाव के लिए अक्टूबर में चीन के कैंटन फेयर में 100 उद्यमियों का प्रतिनिधिमंडल भेजा जाएगा। साथ ही कोटा स्टोन, सैंडस्टोन और ऑरेंज प्रोसेसिंग जैसे स्थानीय उत्पादों की प्रोफेशनल प्रोफाइलिंग कर उनकी ग्लोबल मार्केटिंग की जाएगी।

सचिव समीर सूद और कोषाध्यक्ष राहुल जैन ने पारदर्शी प्रबंधन और प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। विभिन्न विभागों के लिए अलग-अलग पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि योजनाओं की निगरानी और समन्वय बेहतर तरीके से हो सके। एसोसिएशन का लक्ष्य वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देते हुए कोटा के पारंपरिक उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करना है।