कोटा: बिना पर्ची वसूली पर बवाल, जेकेलोन अस्पताल में पार्किंग को लेकर मरीज के परिजनों से मारपीट

कोटा: बिना पर्ची वसूली पर बवाल, जेकेलोन अस्पताल में पार्किंग को लेकर मरीज के परिजनों से मारपीट

यतीश व्यास 


कोटा। जेकेलोन अस्पताल परिसर में पार्किंग को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पीड़ित ओमप्रकाश ने बताया कि वे अपनी सास को भर्ती कराने अस्पताल आए थे। जब वे कार लेकर बाहर निकल रहे थे, तब पार्किंग कर्मचारियों ने बिना पर्ची दिए ही पैसे मांग लिए। इस पर आपत्ति जताने पर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

आरोप है कि पार्किंग कर्मचारियों ने लोहे के सरियों और डंडों से ओमप्रकाश व उनके भाई पर हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ-पैर में चोटें आईं। हमलावरों ने कार पर पत्थर मारकर उसका कांच भी तोड़ दिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें मारपीट और हंगामा साफ दिखाई दे रहा है।

बताया जा रहा है कि बूंदी से आए एक अन्य मरीज के परिजनों के साथ भी मारपीट की गई। गौरतलब है कि पार्किंग स्टैंड को लेकर पहले भी कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं। यहां मरीजों के परिजनों के साथ आए दिन विवाद की स्थिति बनती है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।