कोटा: वार्ड 16 में कांग्रेस की मजबूत पकड़, ऊषा ठाकुर के पक्ष में बढ़ता जनसमर्थन, दो बार रह चुकी कांग्रेस पार्षद विकास के संकल्पों के साथ फिर मैदान में

कोटा: वार्ड 16 में कांग्रेस की मजबूत पकड़, ऊषा ठाकुर के पक्ष में बढ़ता जनसमर्थन, दो बार रह चुकी कांग्रेस पार्षद विकास के संकल्पों के साथ फिर मैदान में

यतीश व्यास 

कोटा। नगर निगम चुनाव में वार्ड नंबर 16 का मुकाबला अब रोचक होता जा रहा है। कांग्रेस प्रत्याशी ऊषा ठाकुर ने विकास और वार्ड की मूलभूत सुविधाओं को चुनावी मुद्दा बनाते हुए जनसंपर्क तेज कर दिया है। उनके सामने भाजपा प्रत्याशी निशा हाड़ा चुनाव मैदान में हैं, लेकिन कांग्रेस खेमे का दावा है कि वार्ड में ऊषा ठाकुर को मिल रहा जनसमर्थन उन्हें मजबूत स्थिति में पहुंचा चुका है।

ऊषा ठाकुर वार्ड की राजनीति और स्थानीय समस्याओं से अच्छी तरह परिचित हैं। वह वर्ष 2009 से 2014 तक तथा वर्ष 2020 से 2025 तक कांग्रेस के टिकट पर दो बार वार्ड पार्षद रह चुकी हैं। दो कार्यकालों के अनुभव और वार्डवासियों से सीधे जुड़ाव को कांग्रेस इस चुनाव में अपनी बड़ी ताकत मान रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि पूर्व में पार्षद रहते हुए क्षेत्र में किए गए कार्यों और जनता से निरंतर संपर्क का लाभ ऊषा ठाकुर को इस चुनाव में मिल रहा है।

इस बार ऊषा ठाकुर ने वार्ड के विकास को लेकर कई प्रमुख संकल्प जनता के सामने रखे हैं। इनमें वार्ड में सरकारी डिस्पेंसरी की स्थापना, रक्षा भूमि से जुड़ी समस्याओं का स्थायी एवं कानूनी समाधान, क्षेत्र की सुरक्षा के लिए पुलिस चौकी की स्थापना उनके पूर्व कार्यकाल में हो चुकी है। इसके अलावा आमजन की सुविधा के लिए सुलभ कॉम्प्लेक्स का निर्माण प्रमुख है। इसके साथ ही उन्होंने वार्ड को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने का संकल्प भी दोहराया है।

सेवा, समर्पण और विश्वास के नारे के साथ मैदान में उतरी ऊषा ठाकुर का चुनाव प्रचार लगातार गति पकड़ रहा है। स्थानीय स्तर पर लोगों से मिलकर वह वार्ड की समस्याओं और विकास की जरूरतों पर चर्चा कर रही हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि ऊषा ठाकुर का अनुभव, उनकी पुरानी कार्यशैली और वार्ड में पहचान इस चुनाव में उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

भाजपा प्रत्याशी निशा हाड़ा भी चुनाव मैदान में पूरी ताकत से प्रचार कर रही हैं, लेकिन कांग्रेस समर्थकों का मानना है कि वार्ड की जनता इस बार अनुभव और स्थानीय विकास के मुद्दों को प्राथमिकता देगी। कांग्रेस का दावा है कि चुनावी माहौल लगातार ऊषा ठाकुर के पक्ष में बन रहा है और जनसंपर्क के दौरान मिल रहे समर्थन ने पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा दिया है।

वार्ड 16 में मुकाबला भले ही कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा है, लेकिन कांग्रेस खेमे में ऊषा ठाकुर की जीत को लेकर खासा भरोसा नजर आ रहा है। दो बार पार्षद रहने का अनुभव और विकास को लेकर स्पष्ट एजेंडे के साथ ऊषा ठाकुर ने अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि जिस तरह से वार्ड में समर्थन मिल रहा है, उससे इस बार ऊषा ठाकुर की जीत तय मानी जा रही है और वार्ड 16 में एक बार फिर कांग्रेस का परचम लहराने की पूरी संभावना है।