कोटा: डीसीएम श्रीराम में सजी कृष्ण भक्ति की अनुपम झांकियां, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

कोटा: डीसीएम श्रीराम में सजी कृष्ण भक्ति की अनुपम झांकियां, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

यतीश व्यास 

कोटा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर डीसीएम श्रीराम लिमिटेड के श्रीराम कला मंदिर परिसर में शुक्रवार को भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। आकर्षक और भव्य झांकियों के दर्शन के लिए कोटा शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे। देर रात तक महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की लंबी कतारें दर्शन के लिए लगी रहीं।झांकियों के मध्य स्थापित राधा-कृष्ण मंदिर विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

परिसर में एलसीडी प्रोजेक्टर के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित धार्मिक भजन और कीर्तन प्रदर्शित किए गए। जन्माष्टमी पर्व को लेकर श्रीराम कला मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया था।

झांकियों के दर्शन शुरू होने से पहले डीसीएम श्रीराम लिमिटेड के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर एवं रेजीडेंट हेड वीनू मेहता ने राधा-कृष्ण मंदिर में मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की। इस दौरान कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। पूजा के बाद परिसर को आमजन के दर्शनार्थ खोल दिया गया।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कंपनी के अधिकारी, रोवर्स, स्वयंसेवक तथा सुरक्षा विभाग के अधिकारी और जवान तैनात रहे।