कोटा: रक्त की कमी दूर करने चंबल फाउंडेशन लगाएगा शिविर, 9 सितंबर को गुजराती समाज भवन में होगा रक्तदान

कोटा: रक्त की कमी दूर करने चंबल फाउंडेशन लगाएगा शिविर, 9 सितंबर को गुजराती समाज भवन में होगा रक्तदान

यतीश व्यास 

कोटा 2 सितंबर। ब्लड बैंक में रक्त की कमी को दूर करने के लिए चंबल फाउंडेशन संस्थान की ओर से 9 सितंबर को रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। शिविर के पोस्टर का विमोचन बुधवार को किया गया।

चंबल फाउंडेशन के अध्यक्ष बृजेश शर्मा नीटू ने बताया कि रक्तदान शिविर का आयोजन 9 सितंबर को सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक गुजराती समाज ट्रस्ट पर किया जाएगा। शिविर में संग्रहित रक्त एमबीएस अस्पताल के ब्लड बैंक को उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त मिल सके।

उन्होंने बताया कि एमबीएस अस्पताल हाड़ौती संभाग का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल है, जहां कोटा सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। दुर्घटना, प्रसव, ऑपरेशन और गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को अक्सर रक्त की आवश्यकता रहती है। वहीं थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को भी नियमित रूप से रक्त चढ़ाना पड़ता है।

शर्मा ने कहा कि चंबल फाउंडेशन का प्रयास रहता है कि सरकारी ब्लड बैंक में रक्त की कमी होने पर रक्तदान शिविरों के माध्यम से सहयोग किया जाए। शिविर के जरिए अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित कर जरूरतमंद मरीजों की मदद की जाएगी।