कोटा: लहरिया की रंगत में सजा तीज महोत्सव, दहेज प्रथा और कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ दिया संदेश

कोटा: लहरिया की रंगत में सजा तीज महोत्सव, दहेज प्रथा और कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ दिया संदेश

यतीश व्यास 

कोटा। जाट समाज महिला विंग की ओर से प्रथम तीज लहरिया महोत्सव तेजा मंदिर ट्रस्ट जाट छात्रावास में मनाया गया। कार्यक्रम की संयोजिका एवं जाट महिला विंग की अध्यक्षा मंजू चौधरी ने बताया कि समारोह की शुरुआत तेजाजी महाराज के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद महिलाओं ने गणेश वंदना की प्रस्तुति दी।

महोत्सव में महिलाएं लहरिया साड़ियों में सज-धजकर पहुंचीं और सावन के गीतों पर नृत्य कर उत्सव का आनंद लिया। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। थर्मल में राजकीय सेवा में कार्यरत महिलाओं ने दहेज प्रथा के खिलाफ नाट्य मंचन कर समाज को दहेज नहीं लेने का संदेश दिया। प्रोफेसर ममता चौधरी ने कन्या भ्रूण हत्या के विरोध में कविता प्रस्तुत की।

अनिशा चौधरी ने ‘सशक्त महिला, सशक्त समाज’ विषय पर अपनी स्वरचित कविता प्रस्तुत कर महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनने की प्रेरणा दी। अंबिका ने खाटू नरेश के भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल भक्तिमय कर दिया। समारोह में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन हुआ और तीज क्वीन का चयन किया गया।

कार्यक्रम में बूंदी से कर्मा बाई जाट महिला संस्था की अध्यक्ष संतोष भाकल सहित कोमल, प्रवेश, शैली, दीप्ति, सीमा, ज्योति, बबीता, राधा, अन्नू, सुनीता, सरिता, गीता सहित समाज की सैकड़ों महिलाएं मौजूद रहीं।